सोनारी मरीन ड्राइव रोड के किनारे जुस्को के हाइटेंशन टावर (133 केवी) पर एक युवती के चढ़ने से तीन घंटा तक बवाल चला। खरसावां के कुचाई की रहने वाली युवती अपने प्रेमी की तलाश में खरसावां के कुचाई से बस से मंगलवार को दोमुहानी पुल के पास उतरी। वहां से प्रेमी को फोन लगाया। कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद युवती हाइटेंशन टावर (133 केवी) पर चढ़ने लगी। यह देख लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलने पर सोनारी पुलिस पहुंची, तब तक युवती 40 फीट चढ़ने के बाद डर कर वहीं बैठ गई थी। पुलिस ने युवती को नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन युवती प्रेमी को बुलाने की मांग पर अड़ी रही। स्थानीय युवकों ने की मदद इस बीच सोनारी कपाली बस्ती के रोशन सिंह व उसके साथी सोनू टावर पर चढ़े। उन्होंने युवती को समझाया- वे उसके प्रेमी को बुलवाएंगे। दोनों युवक युवती को 15 फीट नीचे लेकर आए। फिर जुस्को की क्रेन में डालकर नीचे उतारा गया। नीचे आने तक युवती बेहोश हो चुकी थी। पुलिस ने परिजनों के आने पर युवती को सौंप दिया। युवती कहती रही- मां-बाप से ज्यादा प्यार किया, धोखा मिला युवती ने बताया- उसका प्रेमी रांची में रहता है। मंगलवार को प्रेमी रांची से भागकर जमशेदपुर पहुंचा। वह भी पीछा करते हुए शहर आई। इसके बाद प्रेमी ने फोन बंद कर दिया। प्रेमी ने खुद को कुंवारा बताकर उसे प्रेमजाल में फंसाया, अब मिलने से इनकार कर दिया। प्रेमी को बुलाने के लिए उसने टावर पर चढ़कर उसे वीडियो कॉल करने धमकी देने की सोची। लेकिन प्रेमी ने उसका फोन रिसीव नहीं किया। युवती ने कहा- उसने मां-बाप से ज्यादा प्यार लड़के से किया। लेकिन वह शादीशुदा निकला। उसने धोखा दिया। उसे बुलाकर लाइए, तभी नीचे उतरेगी। पुलिस ने फोन किया, प्रेमी ने आने से किया इनकार युवती के नीचे उतरने के बाद सोनारी थानेदार कुमार सरयू आनंद ने उसके फोन का सिम निकालकर दूसरे फोन में डाला। इसके बाद युवती के परिजनों व प्रेमी से संपर्क करने का प्रयास किया। प्रेमी ने आने से इनकार कर दिया।


