जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में बुधवार रात सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान माहौल उस वक्त बिगड़ गया, जब डीजे बजाने को लेकर दो बस्तियों के लोग आमने-सामने आ गए। घटना एरोड्रम चौक के पास हुई, जहां संबलपुरिया बस्ती और तरुण बाल संघ से जुड़े लोग विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर उलझ गए। पहले डीजे की आवाज और गाने को लेकर हल्की कहासुनी हुई। लोग एक-दूसरे से आवाज धीमी करने और डीजे बंद करने को लेकर बहस करने लगे। शुरुआत में विवाद को शांत करने की कोशिश भी की गई, लेकिन कुछ ही देर में माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया। कहासुनी के बाद पथराव, तीन लोग घायल देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। अचानक हुए पथराव से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे और कुछ देर के लिए एरोड्रम चौक का इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। घायलों में जायंतो नामक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पथराव के दौरान उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल युवक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। घटना के बाद से अस्पताल में भी घायलों के परिजनों की भीड़ जुटी रही। पुलिस ने संभाला मोर्चा, तीन युवक हिरासत में घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त बल की तैनाती कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल की। स्थिति बिगड़ने से पहले ही विसर्जन जुलूस को वहां से हटाया गया, ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो। घटना के बाद दोनों बस्तियों के लोगों ने एक-दूसरे के खिलाफ सोनारी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


