जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत देवनगर में मंगलवार रात अज्ञात हमलावरों ने शेखर सांडिल की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना पीपल्स एकेडमी हाई स्कूल के पीछे हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। मृतक की बहन सरस्वती दास ने बताया कि जब वह रात में घर लौटीं, तो उन्होंने अपने भाई को घर के बाहर खून से लथपथ और अचेत अवस्था में पड़ा पाया। उनके शरीर से लगातार खून बह रहा था। पड़ोसियों की मदद से तत्काल सीतारामडेरा थाना पुलिस को सूचना दी गई। नजदीक से मारी गई गोली सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शेखर को गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और बेहद करीब से लगी गोली के कारण कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने पुष्टि की कि गोली नजदीक से मारी गई थी, जिससे जान बचाना संभव नहीं हो सका। शेखर का एक स्थानीय युवक से चल रहा था विवाद: परिजन शेखर नया कोर्ट के पास एक निजी पार्किंग स्थल पर काम करते थे और रोज की तरह रात में घर लौटे थे। परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शेखर का स्थानीय युवक राहुल सिंह और उसके एक साथी से पुराना विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर कई बार कहासुनी और तनाव की स्थिति बन चुकी थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी पुरानी रंजिश के कारण इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के कारण अक्सर विवाद होते रहते हैं और प्रशासन की ढिलाई अपराधियों के हौसले बढ़ा रही है। इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की बात कही है।


