अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा अल्यारपुर में जमीन के हिस्से को लेकर एक भाई ने अपनी नर्स बहन की हत्या कर दी। हत्यारोपी श्यौराज ने अपनी बहन संयोगिता पर गन्ना काटने वाले गंडासे से हमला किया था। पुलिस ने आरोपी श्यौराज को हिरासत में ले लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि श्यौराज ने संयोगिता के सिर पर पहला प्रहार किया था, जिससे भीतर की हड्डी टूट गई और दिमाग फट गया। इसके बाद उसने गर्दन और चेहरे पर दो और वार किए। जीवित समझकर उसने दुपट्टे से गला भी घोंटा था। घटना के समय संयोगिता ने खाना खाया हुआ था, जिससे पता चलता है कि वारदात से कुछ देर पहले तक घर में सब सामान्य था। पुलिस पूछताछ में हत्यारोपी श्यौराज ने बताया कि संयोगिता जमीन में हिस्सा मांग रही थी। घटना के समय थोड़ी कहासुनी हुई और गुस्से में आकर उसने बहन को मार डाला। श्यौराज ने अफसोस जताते हुए कहा कि हत्या करने का उसका इरादा नहीं था, बस गुस्से में यह वारदात हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में संयोगिता के सिर, चेहरे और गर्दन पर धारदार हथियार से गहरी चोट के तीन निशान मिले हैं। एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि हत्यारोपी श्यौराज को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर और गर्दन पर धारदार हथियार के चोट के निशान और दुपट्टे से गला घोंटने की पुष्टि हुई है। पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने का प्रयास कर रही है। मामले में सोमवार देर रात मां हुकुम देवी की तहरीर पर श्यौराज के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई थी।


