जमशेदपुर में आयुष्मान आरोग्य मंदिर की कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) ज्योति कुमारी महतो पर शुक्रवार को चाल लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। चारों ने कुदाल से वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। घटना एमजीएम थाना अंतर्गत रुईडीह स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर की है। टीएमएच रेफर कर दिया गया
घटना के वक्त ज्योति कुमारी महतो अस्पताल में ही बने अपने आवास के नीचे थी। हमले के बाद उनके पति ने ऊपर से देखा तो भागते हुए नीचे पहुंचे और अपने साले को घटना की सूचना दी। इसके बाद ज्योति कुमारी को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वहां से टीएमएच रेफर कर दिया गया है। हमले के पीछे क्या कारण स्पष्ट नहीं
ज्योति की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। वो पिछले पांच वर्षों से अस्पताल में कार्यरत हैं और अस्पताल परिसर में बने कर्मचारी आवास में अपने परिवार के साथ रहती हैं। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की सुबह मरीज बनकर अचानक चार लोग घर पर पहुंचे। जैसे ही ज्योति नीचे पहुंची, उन पर कुदाल से जानलेवा हमला कर दिया। फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि हमले के पीछे क्या कारण है। इधर, मामले की जानकारी मिलते ही पटमदा रेंज के डीएसपी वचनदेव कुजूर टीएमएच पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पति ने घटना की जानकारी रिश्तेदारों को दी
ज्योति कुमारी के पति डॉक्टर हैं और घटना के वक्त वे भी घर पर ही थे। हमले के बाद जब तक वो नीचे पहुंचे, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। उसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी अपने रिश्तेदारों को दी और घायल ज्योति को अस्पताल लेकर पहुंचे। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल भी टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


