जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। हाता मुख्य मार्ग पर थाना से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुए इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक हाइवा के पीछे-पीछे एक बाइक तेज रफ्तार से चल रही थी। इसी दौरान हाइवा सड़क किनारे खड़ा हुआ। हाइवा अभी खड़ा ही हुआ था कि तेज रफ्तार बाइक पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घायल युवक अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने संभाला मोर्चा दुर्घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं, मृतक युवक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर हटाया। इस बीच दुर्घटना के कारण हाता मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। हाइवा चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस बताया जा रहा है कि हादसे के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और तेज गति के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।


