जमशेदपुर के उलीडीह थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुभाष कॉलोनी संजय पथ में हुई बड़ी चोरी का मामला सुलझा लिया है। पुलिस ने एक युवक आदित्य कुमार उर्फ हर्ष और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रिमझिम कुमारी के घर से 25 हजार रुपए नगद और करीब 10 लाख रुपए के जेवरात चोरी किए थे। सिटी एसपी कुमार शिवाशिष ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 4 लाख रुपए के जेवरात बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर सिटी एसपी ने कहा कि इन वारदातों में बाहरी गिरोह का हाथ है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस, सरायकेला और रांची ग्रामीण पुलिस मिलकर इस गिरोह को पकड़ने में जुटी है। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्त और एंटी क्राइम चेकिंग बढ़ा दी गई है। पुलिस लगातार छापेमारी अभियान भी चला रही है। एसपी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।


