निवाड़ी जिले के कुंवरपुरा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में घायल एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मंगलवार देर रात हुई इस मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल है। घटना पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र के कुंवरपुरा गांव की है। यहां जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि दोनों ओर से लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और लुहांगी से हमला किया गया। इस हिंसक मारपीट में तीन महिलाओं सहित कुल 10 लोग घायल हुए थे। सभी घायलों को पृथ्वीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। गंभीर रूप से घायल एक युवक को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। घायल महिला की इलाज के दौरान मौत घायल महिलाओं में विमलेश यादव (पत्नी रमेश यादव) की हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। मंगलवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इस मामले में घायल पूनम यादव ने गांव के रूपराम, तिलक सिंह, बृजेंद्र यादव, सिंहराम और सतीश सहित अन्य पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पहले मारपीट का मामला दर्ज किया था, अब महिला की मौत के बाद धाराओं में वृद्धि की जा रही है। घटना के बाद गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।


