सीधी जिले के आदिवासी अंचल कुसमी में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तीन लोगों ने एक युवक को बुरी तरह पीट दिया, जिससे उसकी पसली टूट गई और पैर में फ्रैक्चर हो गया। घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की है। दोस्त का साथ देने पर हुआ विवाद घायल ईश्वर यादव ने बताया कि मेरे मित्र रामबाली सिंह अपनी जमीन पर मकान निर्माण कर रहे थे। करीब दो साल पहले इसी बात को लेकर समाज के तीन लोगों से विवाद हुआ था। मैंने अपने मित्र का साथ दिया था, जिसकी रंजिश में संतोष यादव, हीरालाल यादव और रज्जन यादव ने मेरे ऊपर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल ईश्वर को जिला अस्पताल कुसमी में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। थाना प्रभारी कुसमी भूपेश बैस ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बीट प्रभारियों को जांच के निर्देश दे दिए हैं और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


