जम्मू जाने वाली इंडिगो फ्लाइट में यात्री ने की बदतमीजी:इंदौर एयरपोर्ट पर 3 दिन में दूसरी घटना; पुलिस ने नोटिस देकर छोड़ा

इंदौर एयरपोर्ट पर एक बार फिर क्रू मेंबर युवती के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने सिक्योरिटी इंचार्ज की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की है। बताया जा रहा है कि यह घटना बुधवार को जम्मू जाने वाली फ्लाइट में हुई। एरोड्रम पुलिस के अनुसार शिवम सांखला निवासी महू की शिकायत पर नरेश कुमार पुत्र फकीर चंद निवासी भद्रकला गांव, जम्मू के खिलाफ क्रू मेंबर से अभद्रता करने का मामला दर्ज किया गया है। शिवम सांखला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि यह घटना देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट इंदौर की इंडिगो फ्लाइट नंबर 6331 (इंदौर–जम्मू) की है, जो सुबह इंदौर एयरपोर्ट से जम्मू के लिए रवाना होती है। शिवम सांखला एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी इंचार्ज के रूप में ड्यूटी पर थे। उनके अनुसार, फ्लाइट में तैनात क्रू मेंबर आकांक्षा डोगरा ने आकर उन्हें सूचना दी कि सीट नंबर 12-ए पर बैठे यात्री नरेश कुमार शराब के नशे में सीट पर बैठी यात्री अंकिता दास के साथ बदतमीजी कर रहा था। जब क्रू मेंबर ने नरेश कुमार को समझाने का प्रयास किया तो उसने क्रू मेंबर के साथ भी अभद्रता की और अपशब्द कहे। नोटिस देकर आरोपी को रिहा किया इसके बाद शिवम सांखला ने स्वयं जाकर नरेश कुमार को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने उनके साथ भी विवाद किया और दोबारा क्रू मेंबर आकांक्षा डोगरा के प्रति अपशब्द कहे। इसकी जानकारी अन्य स्टाफ सदस्य वैभव सोनी को दी गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी नरेश कुमार को हिरासत में लिया, हालांकि बाद में नोटिस देकर उसे रिहा कर दिया गया है। इंडिगो की फ्लाइट में पहले भी घटना इससे पहले, इंडिगो की सोमवार रात 9:15 बजे की फ्लाइट में एक यात्री शराब के नशे में था। इंडिगो के सीनियर सिक्योरिटी एक्जीक्यूटिव ने इस मामले की जानकारी अन्य अधिकारियों को दी। इसके बाद क्रू मेंबर से लिखित शिकायत करवाई गई। पुलिस ने यात्री को नोटिस देकर छोड़ दिया। फरियादी शरीफ कुरैशी ने बताया कि वह एयरपोर्ट परिसर में इंडिगो एयरलाइंस के विमान (रजिस्ट्रेशन नंबर VT-ILS A321) में ड्यूटी पर था। इसी दौरान खड़ी फ्लाइट नंबर 6E-6002 से क्रू मेंबर याशी सांगवान और रिया आर्या ने उन्हें आवाज देकर बुलाया और बताया कि सीट नंबर 29A पर बैठे यात्री सुनील कुमार द्वारा उनके साथ और पास बैठे अन्य यात्रियों के साथ बदतमीजी की जा रही है। इसके बाद जब वह विमान के अंदर पहुंचे और सीट नंबर 29A पर बैठे यात्री सुनील कुमार से बात की, तो उसने फ्लाइट के दो घंटे लेट होने को लेकर नाराजगी जताई और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। इस दौरान उसने क्रू मेंबरों के साथ भी अपशब्द कहे। जब सुनील कुमार को समझाने और रोकने का प्रयास किया गया, तो उसने जान से मारने की धमकी दी। वह बार-बार कह रहा था कि फ्लाइट पहले ही लेट है और उसे नीचे उतारा जाए। इसी दौरान उसने इमरजेंसी दरवाजा खोलने का प्रयास भी किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *