नए साल में नेशनल हाईवे पर सफर करने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। फरवरी-2026 में सनावद–बड़वाह के बीच नर्मदा नदी पर बन रहा 1275 मीटर लंबा ब्रिज वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। शुरुआत में ब्रिज का टू-लेन चालू होगा, जिससे क्षेत्र में लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी और खंडवा से इंदौर की यात्रा पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो जाएगी। एनएचएआई के अनुसार 140 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे इस 6-लेन ब्रिज का करीब 85% काम पूरा हो चुका है। ब्रिज चालू होने के बाद वाहन सनावद और बड़वाह को बायपास करते हुए सीधे इंदौर–खंडवा की ओर निकल सकेंगे। 3.30-4 घंटे की जगह सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर इंदौर–एदलाबाद (मुक्ताईनगर) 216 किमी लंबे नेशनल हाईवे का काम भी तेजी से चल रहा है। दिसंबर-2026 तक पूरा हाईवे चालू होने की उम्मीद है। इसके बाद खंडवा से इंदौर का सफर, जो अभी 3.30 से 4 घंटे में पूरा होता है, घटकर सिर्फ 2 घंटे का रह जाएगा। वहीं बुरहानपुर से इंदौर की दूरी भी 5-5.30 घंटे की जगह करीब 3 घंटे में तय होगी। अप्रैल तक 145 किमी हाईवे शुरू होने की उम्मीद एनएचएआई अधिकारियों के मुताबिक, अप्रैल-2026 तक बलवाड़ा से शाहपुर तक करीब 145 किमी नेशनल हाईवे भी चालू हो सकता है। इससे न केवल दूरी करीब 5 किमी कम होगी, बल्कि सबसे ज्यादा फायदा समय की बचत के रूप में मिलेगा। भेरूघाट सेक्शन में सुरंग पर काम जारी भेरूघाट सेक्शन में तीन सुरंगों और एक वाय डक्ट का निर्माण जारी है। जून-2026 तक वायडक्ट और साल के अंत तक सुरंगों का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यहां 6-लेन सुरंग और ब्रिज का निर्माण अंतिम चरण में है। कहां कितना काम पूरा हुआ • तेजाजी नगर से बलवाड़ा तक 33 किमी हिस्से में 3 सुरंगों का निर्माण अंतिम चरण में है। • धनगांव से बोरगांव बुजुर्ग तक 57.05 किमी लंबा हाईवे बनकर पूरी तरह तैयार हो चुका है। • बोरगांव बुजुर्ग से शाहपुर तक 47 किमी सड़क का काम मई माह तक पूरा होने की संभावना है। • बलवाड़ा से धनगांव तक 40.4 किमी सड़क निर्माण कार्य तेज गति से जारी है। • शाहपुर से मुक्ताईनगर तक 30 किमी सड़क महाराष्ट्र के जलगांव पीआईयू के अंतर्गत है, यहां भी निर्माण कार्य प्रगति पर है। • कुल 104 किमी मार्ग में 47 पुल, 32 अंडरपास और 9 बायपास बनाए जाएंगे। धनगांव से शाहपुर तक ऐसी है स्थिति इंदौर-मुक्ताईनगर नेशनल हाईवे के तहत खंडवा जिले के धनगांव से बुरहानपुर जिले के शाहपुर तक 104 किमी हिस्से में 47 छोटे-बड़े पुल बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा 32 अंडरपास, 9 बायपास और एक आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) भी शामिल है। कई स्थानों पर काम पूरा हो चुका है और वहां से वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। शहरों को जाम से राहत मिलेगी फिलहाल निर्माण कार्य के चलते बुरहानपुर शहर से गुजरने वाले हिस्से में जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। हाईवे पूरा होने के बाद शहरवासियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी और ट्रैफिक दबाव कम होगा। नए साल में हाईवे और ब्रिज के खुलने से न सिर्फ दूरी कम होगी, बल्कि सफर भी सुकून भरा और सुरक्षित हो जाएगा। फरवरी में खुलेगा नर्मदा ब्रिज का टू-लेन एनएचएआई, खंडवा के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आशुतोष सोनी के मुताबिक, “बलवाड़ा–धनगांव के बीच नर्मदा नदी पर बन रहे 1275 मीटर लंबे ब्रिज का टू-लेन फरवरी-2026 में वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। इससे सनावद-बड़वाह क्षेत्र का ट्रैफिक दबाव कम होगा और इंदौर-खंडवा रूट पर सफर और सुगम बनेगा।”


