जयपुर एयरपोर्ट से खाड़ी देशों की 5 उड़ानें रद्द:मस्कट, अबू-धाबी, शारजाह और दुबई जाने वाले पैसेंजर्स 7 दिन से परेशान; मिडिल ईस्ट युद्ध का असर

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के लिए उड़ान भरने वाले पैसेंजर्स को पिछले एक सप्ताह से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मस्कट, अबू-धाबी, शारजाह और दुबई जाने वाली करीब 5 फ्लाइट शुक्रवार को भी कैंसिल होने से सैकड़ों पैसेंजर्स एयरपोर्ट पर भटकते नजर आ रहे हैं। ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण पिछले सात दिनों से इंटरनेशनल फ्लाइट शेड्यूल पर भी असर देखने को मिल रहा है। फ्लाइट रद्द होने से पैसेंजर्स की यात्रा योजनाएं प्रभावित हो गई हैं और कई लोग वैकल्पिक व्यवस्था के लिए एयरलाइंस और ट्रैवल एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। जयपुर से संचालित होने वाली खाड़ी देशों की फ्लाइट्स पर भी असर एयरलाइंस कंपनियों के मुताबिक, ईरान- इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण कई देशों के एयरस्पेस पर असर पड़ा है। ऐसे में सुरक्षा कारणों और रूट डायवर्जन की स्थिति को देखते हुए एयरलाइंस ने एहतियातन कई फ्लाइट्स को कैंसिल या फिर रीशेड्यूल किया है। इसका सीधा असर जयपुर से संचालित होने वाली खाड़ी देशों की फ्लाइट्स पर भी देखने को मिल रहा है। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फ्लाइट्स कैंसिल होने से खाड़ी देशों में काम करने वाले प्रवासी भारतीयों और अन्य पैसेंजर्स को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई पैसेंजर्स की कनेक्टिंग फ्लाइट्स ट्रैवल प्लान प्रभावित हुए हैं। वहीं कुछ पैसेंजर्स को भविष्य के टिकट भी कैंसिल करानी पड़ रही है। जबकि कई लोग नई फ्लाइट्स की उपलब्धता का इंतजार कर रहे हैं। एयरलाइन कंपनियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय हालात सामान्य होने तक उड़ान संचालन प्रभावित रह सकता है। ऐसे में जो भी पैसेंजर मिडिल ईस्ट में ट्रैवल प्लानिंग कर रहे हैं, वह एयरपोर्ट आने से पहले फ्लाइट की स्थिति की जानकारी जरूर जांच लें। क्योंकि आने वाले दिनों में भी फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव संभव है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *