राजधानी जयपुर में तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस ने एक युवक की जान ले ली। दिल्ली रोड नई माता मंदिर के पास रोड क्रॉस कर रहे युवक को बस ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय नायक (29) के रूप में हुई है। हादसे को लेकर थाना आमेर हेड कॉन्स्टेबल पप्पु यादव ने बताया कि मृतक के भाई अशोक नायक ने मंगलवार को आमेर थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं एक्सीडेंट थाना नॉर्थ के कॉन्स्टेबल चैन सिंह ने जानकारी दी कि यह हादसा सोमवार करीब 12:30 बजे दिल्ली रोड नई माता मंदिर के पास हुआ। अजय नायक सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटना में शामिल हरियाणा रोडवेज बस नंबर HR 66 GV 3368 को जब्त कर लिया है। आरोपी चालक की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है ,


