राजधानी जयपुर में लिटरेचर फेस्टिवल की तर्ज पर ‘दा ढूंढाड़ टॉक्स” का आयोजन होने जा रहा है। दो दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में देश की कई बड़ी हस्तियां शिरकत करेंगी। शुक्रवार से ‘दा ढूंढाड़ टाक्स-2025’ का आयोजन होने जा रहा है। बौद्धक, वैचारिक, सांस्कृतिक, साहित्यक के साथ-साथ युवा, मातृ शक्ति व प्रबुद्धजनों का ‘महाकुंभ’ सजेगा। प्रदीप गोपाल स्मृति न्यास सांगानेर, ए.यू.बैक एवं पूर्णिमा ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान मे सीतापुरा स्थित पूर्णिमा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एण्ड टेक्नोलॉजी मे आयोजित होने जा रहे इस कार्यक्रम में कई वक्ता ‘राष्ट्रहितम मम कर्तव्यम’ थीम से अपनी ‘दुनिया’ पेश करेंगे। यह जानकारी ‘ द ढूंढाड़ टाक्स-2025’ कार्यक्रम संयोजक ने बुधवार को पाथेय भवन में दी। उन्होंने बताया कि दो दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम मे देशभर के विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों की उपस्थिति में कुल 8 संवाद सत्र होंगे। विषय विशेषज्ञ अपने तय विषयों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम का आगाज शुक्रवार को सुबह 9:30 बजे ‘स्व’ की ओर भारत थीम आधारित प्रथम सत्र से होगा, जिसमें राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह-प्रचार प्रमुख प्रदीप जोशी ‘स्व’की ओर भारत’ विषय पर संबोधित करेंगे। दूसरे सत्र में आर्गनाइजर मैग्जीन के संपादक प्रफुल्ल केतकर डीप स्टेट, सांस्कृतिक मार्क्सवाद व वोकिज्म’ विषय पर अपने विचार साझा करेंगे। तीसरे सत्र का विषय ‘डेटिंग एप, फिल्म व युवा’रहेगा, जिसमें जर्नलिस्ट एवं सोशलिस्ट दीपिका नारायण भारद्वाज, दी केरला स्टोरी फिल्म कहानी के लेखक सूर्यपालसिंह व राष्ट्रीय फिल्म अवार्ड विजेता अशोक चौधरी से संवाद होंगे। चौथा सत्र शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम रहेगा, जिसमें जसराज बैण्ड की मनमोहक प्रस्तुति के साथ-साथ युवाओं के आकर्षक जाने माने गायक कलाकार रेपरिया बालम राष्ट्रभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति देंगे। दूसरे दिन ये सत्र होंगे, 15 हजार पुस्तकों की स्टॉल लगेंगी दूसरे दिन शनिवार को सुबह 10 बजे पांचवां सत्र मातृ शक्ति के नाम रहेगा, जिसमें लेखिका शेफाली वेद्य, नेशनल पैनलिस्ट अधिवक्ता चारू प्रज्ञा व राष्ट्रीय पुरस्कार पुरस्कृत सामाजिक महिला कार्यकर्ता रूमा देवी ‘आधी आबादी पूरा कर्तव्य’विषयक मंच साझा करेगी। छठे सत्र में युवाओं के आकर्षण लेखक वक्ता एवं इतिहास विशेषज्ञ राजवीरसिंह चकलोई व पाथेयकण सह प्रबंध संपादक श्याम सिंह रहेगे, जो राजस्थानी संस्कृति हमारा गौरव व राजस्थान का अनछुआ गौरव विषय पर युवाओं से जीवंत संवाद करेगे। सातवां सत्र युवा-रोजगार के केंद्रित होगा, जिसमें प्रथम सोफ्टवेयर के सीईओ पुनीत मित्तल, शशिकांत सिंघी व रूमा देवी ‘ स्व रोजगार की ओर बढ़ता युवा’ विषय के माध्यम से अपने अनुभव आदान-प्रदान करेंगे। कार्यक्रम का अंतिम सत्र शाम 4:30 बजे ‘भारत का बदलता वैचारिक परिदृश्य’ विषयक होगा, जिसमें राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी,एयू बैक संस्थापक एवं सीईओ संजय अग्रवाल व आरएचआरडी संरक्षक जसवंत खत्री उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। संवाददाताओं को बताया कि बौद्धिक एवं सांस्कृतिक सत्रों के अलावा कई प्रकार की महाविद्यालय विद्यार्थियों की प्रतियोगिता भी रहेगी। 20 प्रमुख प्रकाशकों की 15 हजार से अधिक पुस्तकों की स्टॉल कार्यक्रम में लगेंगी।


