जयपुर के एक अपार्टमेंट की पार्किंग से साइकिल चोरी का मामला सामने आया है। सिक्योरिटी गार्ड के अंदर जाने का फायदा उठाकर पीछे से बदमाश अपार्टमेंट में घुस आया। महज 2 मिनट में साइकिल चोरी कर ले गया। लालकोठी थाना पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर साइकिल चोर की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया- म्यूजिम रोड बरडिया कॉलोनी पर स्थित अपार्टमेंट में रहने वाले अरुण खण्डेलवाल (65) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों की गाड़ियां ग्राउंड फ्लोर पर स्थित पार्किंग में खड़ी होती है। अपार्टमेंट के मेन गेट पर सिक्योरिटी गार्ड भी तैनात रहता है। रविवार सुबह अपार्टमेंट पार्किंग में उन्होंने अपनी नई खरीदी साइकिल खड़ी की थी। सुबह करीब 9 बजे कचरा लेने के लिए हूपर अपार्टमेंट के मेन गेट से अंदर आया। हूपर के पीछे-पीछे सिक्योरिटी गार्ड भी अपार्टमेंट के अंदर की ओर आ गया। मेन गेट पर सिक्योरिटी गार्ड नहीं होने का फायदा उठाकर बदमाश अपार्टमेंट में घुस आया। इधर-उधर घूमकर रेकी कर महज 2 मिनट में पार्किंग में खड़ी साइकिल को चुरा ले गया। पार्किंग में खड़ी साइकिल संभालने पर गायब मिलने पर CCTV फुटेज खंगाले। CCTV फुटेज के आधार पर साइकिल चोरी होने का पता चला। लालकोठी थाने में पीड़ित ने साइकिल चोरी की शिकायत दर्ज करवाई।


