बीसलपुर सिस्टम से शहर को पानी पहुंचाने वाले बालावाला पंप हाउस पर आज सोमवार को तीन घंटे का बिजली शटडाउन रहेगा। 132 केवी ग्रिड स्टेशन के मेंटेनेंस कार्य के चलते सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक सभी पंप बंद रहेंगे, जिसका सीधा असर आज शाम की पेयजल आपूर्ति पर पड़ेगा। बीसलपुर प्रोजेक्ट विंग के अनुसार, सोमवार सुबह 9 बजे तक शहर में सामान्य रूप से पानी की सप्लाई जारी रहेगी। शटडाउन के दौरान बालावाला पंप हाउस पूरी तरह बंद रहेगा, जिससे शाम को शहर के अधिकांश हिस्सों में बीसलपुर सिस्टम से पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी। इंजीनियरों का दावा है कि मंगलवार सुबह से सप्लाई बहाल कर दी जाएगी, लेकिन फील्ड स्तर पर जुड़े इंजीनियरों का मानना है कि इस तीन घंटे के शटडाउन का असर शहर की जल व्यवस्था पर अगले दो दिन तक भी देखने को मिल सकता है। परकोटा रहेगा सुरक्षित, टंकियां भरने का दावा
बीसलपुर प्रोजेक्ट के अधिकारियों के मुताबिक परकोटा क्षेत्र शटडाउन से प्रभावित नहीं होगा और वहां सोमवार शाम को नियमित सप्लाई दी जाएगी। साथ ही, शहर की करीब 220 पानी की टंकियों को रविवार रात तक भरकर व्यवस्था संभालने का दावा किया था। सोमवार शाम इन इलाकों में नहीं होगी पानी की सप्लाई
आज शाम को प्रताप नगर, सांगानेर, सीतापुरा, दुर्गापुरा, मालवीय नगर, बापू नगर, महेश नगर, बरकत नगर, सिविल लाइन, ज्योति नगर, शांति नगर, सिंधी कॉलोनी, आदर्श नगर, जवाहर नगर, ट्रक स्टैंड, मानसरोवर, श्याम नगर, विद्युत नगर, संजय नगर, ऑफिसर कैंपस, झोटवाड़ा, वीकेआई विद्याधर नगर, मुरलीपुरा, शास्त्री नगर, गोपालबाड़ी, बनीपार्क, अंबाबाड़ी, जगतपुरा, खोनागोरियान, इंदिरा गांधी नगर, मुहाना मोड़, जामडोली, सुभाष नगर, पृथ्वीराज नगर, भूजल विभाग परिसर पंपिंग स्टेशन से जुड़े क्षेत्र और गोविंद नगर में बीसलपुर सिस्टम से जलापूर्ति बाधित रहेगी। जलदाय विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे पूर्व में ही पर्याप्त मात्रा में पानी का संग्रह कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।


