जयपुर में ट्रेन की चपेट में आने से रविवार दोपहर एक कोचिंग छात्रा की मौत हो गई। वह घर से सामान लेने के लिए निकली थी। रेलवे ट्रैक क्रॉस करते समय ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी। महेश नगर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। SHO (महेश नगर) सुरेश यादव ने बताया- हादसे में सीमा महावर (28) पुत्री जगदीश महावर निवासी पृथ्वीपुरा तूंगा की मौत हो गई। वह महेश नगर के ए-ब्लॉक में किराए से रहकर कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रही थी। दोपहर करीब 12 बजे वह बाजार से सामान खरीदने के लिए घर से निकली थी। अर्जुन नगर रेलवे फाटक के पास शॉर्ट कट लेकर रेलवे ट्रैक क्रॉस कर रही थी। इसी दौरान आई ट्रेन ने उसको टक्कर मार दी। वह रेलवे ट्रैक पर गिर गई और उसका पैर कटकर दूर उछलकर गिरा। ट्रेन की चपेट में आने से कोचिंग छात्रा की मौत का पता चलने पर लोगों की भीड़ जुट गई। महेश नगर थाना पुलिस भी सूचना पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया।


