जयपुर में पड़ोसी किराएदार ने चुराए थे 17 लाख रुपए:परिवार को लेकर हो गया था फरार, लखनऊ में चलती बस से पकड़ा

जयपुर में 17 लाख रुपए की चोरी मामले में पड़ोसी किराएदार को बिंदायका थाना पुलिस ने अरेस्ट किया है। चोरी के बाद वह परिवार को लेकर फरार हो गया था। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में चलती बस में दबिश देकर उसे पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चुराए गए 17 लाख रुपए बरामद कर लिए है। डीसीपी (वेस्ट) हनुमान प्रसाद ने बताया- चोरी के मामले में आरोपी राजेन्द्र सिंह उर्फ पप्पू सिंह (44) पुत्र नथ्थू सिंह निवासी मंडावा झुंझुनूं को अरेस्ट किया है। वह बिंदायका के सिवार मोड़ पर परिवार के साथ किराए पर रहता है। 16 सितम्बर को पड़ोसी आनंदी लाल बैंक से 17 लाख रुपए निकालकर लाया था। रुपयों को एक थैली में बांधने के बाद थैले में बांधकर कमरे में रखे थे। 23 सितम्बर को चैक करने पर रुपए गायब मिले। रुपए ढूंढने के दौरान पड़ोसी किराएदार राजेन्द्र सिंह उर्फ पप्पू सिंह के भी परिवार सहित अचानक गायब होने का पता चला। पड़ोसी किराएदार पर चोरी का शक जताते हुए पीड़ित आनंदी लाल ने बिंदायका थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से संदिग्ध राजेन्द्र सिंह उर्फ पप्पू सिंह की तलाश शुरू की। पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश के लखनऊ पहुंची पुलिस टीम ने चलती बस में दबिश देकर आरोपी को धर-दबोचा। पूछताछ में आरोपी राजेन्द्र सिंह ने चोरी की वारदात करना कबूल किया। पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर उसके कब्जे से चुराए गए 17 लाख रुपए बरामद कर लिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *