जयपुर में पतंगबाजी और लोहड़ी महोत्सव का धमाल:दिखा परंपरा और मस्ती का अनूठा संगम, पंजाबी कुड़ी थीम पर हुआ आयोजन

रविवार को शिल्पी और श्रेष्ठा फाउंडेशन ने जवाहर नगर स्थित श्रेष्ठा क्लासेज में पतंग और लोहड़ी महोत्सव का आयोजन किया। ‘पंजाबी कुड़ी’ थीम पर आधारित इस आयोजन ने पारंपरिक वेशभूषा, रंग-बिरंगी पतंगों और मनोरंजक खेलों के साथ त्योहार का खास उत्साह रहा। कार्यक्रम की शुरुआत पंजाबी ढोल की थाप और ‘उड़ चली रे पतंग मेरी’ जैसे लोकप्रिय गानों से हुई। महिलाएं पंजाबी स्टाइल की पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी पहुंचीं, वहीं अन्य प्रतिभागियों ने गजक, मूंगफली, रेवड़ी और गर्म पकोड़ी का स्वाद लेते हुए पतंगबाजी का लुत्फ उठाया। इस बार पतंगबाजी को खास बनाते हुए भगवान श्री रामचंद्र जी के 1008 नाम लिखी हुई पतंगों को आसमान में उड़ाया गया। जय श्रीराम के जयकारों के साथ त्योहार को धार्मिक और सांस्कृतिक आयाम मिला। इसके अलावा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशेष पतंगों को भी उड़ाया गया, जो आयोजन का मुख्य आकर्षण बना। प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण महोत्सव में बेस्ट डेकोरेटिव काइट कॉम्पिटिशन और अन्य मनोरंजक खेल आयोजित किए गए, जिनमें जयपुरवासियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। शाम को लोहड़ी का पर्व धूमधाम से मनाया गया, जिसमें भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उत्सव को और भी खास बना दिया। कलाकारों ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियों के जरिए लोक संस्कृति की झलक पेश की। इस आयोजन में समाजसेवी रवि नय्यर, वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर अंकित खंडेलवाल, पार्षद नीरज अग्रवाल, और एचडीएफसी बैंक, जवाहर नगर, जयपुर के ब्रांच मैनेजर ईशान श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। शिल्पी फाउंडेशन की डायरेक्टर शिल्पी अग्रवाल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारतीय परंपराओं और कला-संस्कृति से जोड़ना है। कार्यक्रम के अंत में श्रेष्ठा फाउंडेशन की डायरेक्टर प्रीति कुलश्रेष्ठ ने विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार वितरित किए। इस आयोजन ने जयपुरवासियों को सर्दियों की ठंड में परंपरा और उत्सव की गर्माहट का अद्भुत अनुभव प्रदान किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *