जयपुर में बदमाशों के जमकर हुड़दंग मचाने का मामला सामने आया है। दर्जनभर युवाओं ने एक घर पर पथराव कर लाठी-डंडों से बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। प्रेम-प्रसंग के चलते भागने से नाराज लड़की के परिजनों ने लड़के के घर को निशान बनाया। सदर थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुड़दंगियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया- मामला सदर के हसनपुरा इलाके का है। हसनपुरा में आस-पड़ोस में रहने वाले युवक-युवती के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। प्रेम-प्रसंग के चलते प्रेमी युगल घर छोड़कर भाग गया। इसी बात को लेकर युवती को ढूंढने के साथ ही परिजन नाराज थे। सुबह करीब 10 बजे लड़की पक्ष के दर्जनभर युवक एक साथ इकट्ठा हो गए। लड़के के घर के बाहर लाठी-डंडे लेकर पहुंचकर जमकर हुड़दंग मचाना शुरू कर दिया। लड़के के घर पर पथराव करने के साथ ही बाहर खड़ी तीन-चार कारों व एक बाइक में तोड़फोड़ की। हुड़दंगियों के तोड़फोड़ व पथराव करने के दौरान चपेट में आए तीन जने मामूली चोटिल हो गए। हुड़दंग की सूचना पर सदर थानाधिकारी बृजमोहन कविया पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हुड़दंगी फरार हो गए। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त गाड़ियों को हटवाकर चोटिल युवकों का प्राथमिक उपचार करवाया।


