जयपुर में गुरुवार शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। शॉपिंग करने आई महिला की जैकेट से गिरे 50 हजार रुपए बदमाशों ने लूटे। ट्रैफिक के बीच बाइक से कूदकर रुपए उठाने पर पकड़ने भागी पीड़िता को धक्का देकर भाग निकले। बजाज नगर थाना पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर बाइक सवार बदमाशों की तलाश कर रही है। SHO (बजाज नगर) पूनम चौधरी ने बताया- बारां की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दी है। उनकी बड़ी बेटी की शादी की शॉपिंग के चलते वह अपने पीहर जयपुर आई थी। शाम करीब 4 बजे वह बरकत नगर में अपनी बेटी के साथ शॉपिंग कर एक शॉप से बाहर निकली थी। रोड क्रॉस करते समय उनकी जैकेट में रखे 500 रुपए नोटों की एक गड्डी (50 हजार रुपए) रोड पर गिर गए। रुपए गिरने का पता नहीं चलने पर वह रोड क्रॉस कर आ गई। फिल्मी स्टाइल ले गए रुपए
उसी दौरान पीछे रोड पर निकल रहे ट्रैफिक के बीच ही बाइक सवार दो लड़के तेजी से आए। रोड पर रुपए पड़े देखकर बाइक को तेज ब्रेक कर स्लीप स्किप मारकर रोका। पीछे बैठा लड़का बाइक से कूदकर तेजी से ट्रैफिक के बीच दौड़कर नोटों को उठाने भागा। एक ई-रिक्शा के आगे आकर रुकवाकर उसके नीचे से नोटों की गड्डी को उठाकर भागने लगा। चिल्लाती रही, पकड़ने भागी
उसकी हरकत देखकर महिला के जैकेट संभालने पर 50 हजार रुपए गिरने का पता चला। बाइक सवार लुटेरों को पकड़ने के लिए महिला और उसकी बेटी पीछे भागे। पकड़े के दौरान धक्का देकर दोनों बदमाश तेजी से बाइक लेकर फरार हो गए। भीड़भाड़ वाले बाजार में पीड़ित मां-बेटी चिल्लाकर शोर मचाते रहे, लेकिन उनकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। CCTV फुटेज में कैद हुई करतूत
लूट की सूचना पर बजाज नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता की आपबीती सुनाने के साथ ही बाजार में लगे CCTV फुटेजों को खंगाला। एक शॉप के बाहर लगे CCTV फुटेज को चैक करने पर बाइक सवार बदमाशों की करतूत कैद मिली। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर फुटेज के आधार पर बाइक सवार लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।


