जयपुर में शादी करवाने का झांसा देकर 2.70 लाख रुपए ऐंठने का मामला सामने आया है। लड़की दिखाने के बहाने परिवार को अलवर ले जाकर झूठ बोलता रहा। दूसरी जगह रिश्ता तय होने की बताकर वापस जयपुर लाकर रुपए हड़प लिए। मुहाना थाने में पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने बताया- सांगानेर के रहने वाले 48 साल के व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पिछले काफी सालों से उसकी दोस्ती रंगलाल चौधरी से थी। दोस्त होने के कारण आरोपी रंगलाल चौधरी का घर पर आना-जाना भी था। आरोप है कि साल-2020 में आरोपी रंगलाल उसके घर आया हुआ था। बातचीत के दौरान परिवार को उसकी शादी करवाने की कहा। अलवर में रहने वाले एक गरीब परिवार की सुंदर लड़की से शादी करने का झांसा दिया। गरीब घर की लड़की होने के कारण शादी का पूरा खर्च उन्हें ही उठाने की शर्त रखी। शादी खर्च के बारे में पूछने पर 5-7 लाख रुपए लगना बताया। शादी खर्च बताकर लिए 2.70 लाख रुपए
शादी के लिए सहमति देने पर लड़की के परिवार को उसकी फोटो दिखाने की कहकर चला गया। उसके तीन-चार दिन बाद नीरज नाम का आदमी घर आया। लड़की वालों से बात करने की बताकर शादी करवाने का आश्वासन दिया। शादी की व्यवस्थाओं को लेकर लड़की वालों को 3 लाख रुपए देने की कहा। धोखा देकर अपनी बातों में फंसाकर आरोपी रंगलाल और नीरज ने 2.70 लाख रुपए लड़की वालों को देने की कहकर ले लिए। अलवर ले जाकर, वापस जयपुर लाया
15 अगस्त 2020 को लड़की देखने अलवर चलने के लिए तैयार रहने की कहा। आरोपियों ने लड़की पसंद करते ही तुरंत शादी करवाने का आश्वासन दिया। 15 अगस्त को दो दोस्तों व परिवार के साथ उसे अलवर ले गए। तीन-चार दिन अलवर में रखकर लड़की दिखाने को लेकर कहकर रोके रखा। नहीं लड़की दिखाई और नहीं लड़की के घर लेकर गए। उसके बाद लड़की का दूसरी जगह रिश्ता होना बताकर वापस जयपुर ले आए। रुपए मांगने पर आरोपी टालमटोल करते रहे। लम्बे समय बीतने के बाद रुपए वापस लौटाने का दबाव बनाने पर आरोपियों ने झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी।


