जयपुर में मकर संक्रांति पर्व पर सुबह से मंदिरों में भीड़ है। एकादशी वाले विशेष संयोग के साथ आज पर्व मनाया जा रहा है। भगवान गोविंद देवजी को सोने की पतंग चढ़ाई गई है। परकोटे वाले गणेशजी के मंदिर में भी पतंगों से सजावट की गई है। वहीं, गलता तीर्थ में श्रद्धालु सुबह से ही डुबकी लगा रहे हैं।पतंगबाजों के लिए आज सबसे बड़ा दिन है। सुबह से ही जयपुर के परकोटे से दूसरे इलाकों में छत्तों पर म्यूजिक बजने लगा है। पतंगबाजों ने पंतगें लंबी कर ली हैं। हालांकि, आर्मी डे परेड की तैयारियों के चलते 5KM में नो काइट जोन रहेगा। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार सुबह 11 बजे हवा की स्पीड भी कम रहेगी। इससे पतंग उड़ाने वालों को परेशानी हो सकती है। भगवानों का विशेष श्रृंगार, भोग में तिल के लड्डू जयपुर के आराध्य गोविंद देवजी मंदिर में भी सुबह मंगला आरती के साथ ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार किया गया है। ठाकुरजी के हाथों में सोने की पतंग और राधा रानी के हाथों में चांदी की चरखी सजाई गई है। मंदिर परिसर को हजारों पतंगों और चरखियों से सजाया गया है। वहीं, मकर संक्रांति बुधवार और एकादशी के विशेष संयोग में होने से परकोटा स्थित गणेश मंदिर में भी कई धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। सुबह भगवान गणेश को औषधीय, केवड़ा और गुलाब जल से स्नान कराया गया। इसके बाद नवीन पोशाक धारण कराकर सिंदूर का चोला चढ़ाया गया और फूल बंगला में विराजमान किया गया। महंत अमित शर्मा के सानिध्य में भगवान गणेश की कलात्मक पतंग झांकी सजाई गई है। इसके अलावा फीणी, तिल के लड्डू, गाजर, गाजर का हलवा और दाल की पकौड़ी भी भोग में शामिल हैं। मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को तिल के लड्डू, पकौड़ी और पतंग प्रसाद के रूप में वितरित की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- 14 जनवरी के दिन हवा की स्थिति सुबह 10-11 बजे तक कमजोर रहने का अनुमान है। यानी हवा की गति 4 किलोमीटर प्रतिघंटा से भी कम रहने की संभावना है, जो पतंगबाजी के लिए ठीक नहीं है। दोपहर में 11-12 बजे के बाद हवा की रफ्तार में थोड़ी बढ़ोतरी होने का अनुमान है। इस दौरान उत्तर से हवा आनी शुरू होगी। इसकी रफ्तार 4 से 8 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रहने का अनुमान है। जबकि दोपहर 3 बजे बाद से हवा की दिशा में थोड़ा बदलाव होने की संभावना है। ये पश्चिम दिशा से चलकर पूर्व की तरफ रहने का अनुमान है। दिन में धूप निकलेगी मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में उत्तरी राजस्थान के ऊपर एक हल्के प्रभाव का वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर देखने को मिल रहा है, जिसके असर से श्रीगंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़ के एरिया में बादल छाए हैं। इस सिस्टम के असर से अगले एक-दो दिन में तापमान में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। ऐसे में 14 जनवरी के दिन जयपुर और उसके आसपास के एरिया में दिन में आसमान साफ रहने, धूप निकलने और तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने से सर्दी से मामूली राहत रहने का अनुमान है। SMS में डॉक्टर्स की विशेष ड्यूटी मकर संक्रांति पर पतंगबाजी के दौरान घायल होने वालों के इलाज के लिए सवाई मानसिंह हॉस्पिटल (SMS) के ट्रोमा सेंटर में विशेष इंतजाम किए हैं। 14 और 15 जनवरी के दिन ट्रोमा सेंटर में ऑर्थोपेडिक्स और जनरल सर्जन के अलावा न्यूरोसर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, एनेस्थीसिया और ईएनटी के एक-एक सीनियर डॉक्टर (असिस्टेंट प्रोफेसर) और एक-एक सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर की 24 घंटे ड्यूटी लगाई जाएगी।


