जनवरी में आयोजित होने वाली श्री राम कथा एवं 1008 कुण्डीय हनुमान महायज्ञ की तैयारियों का शुभारंभ भूमि पूजन के साथ किया गया। सीकर रोड स्थित नींदड़ आवासीय योजना में होने वाले इस दिव्य आयोजन के लिए 14 दिसंबर रविवार को सुबह 9 बजे संत-महात्माओं की उपस्थिति में 101 पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कराया। इस अवसर पर राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई। दिया कुमारी ने संतों के सान्निध्य में भूमि पूजन किया। इस दौरान यज्ञ स्थल पर 115 फीट के केसरिया ध्वज पूजन के साथ यज्ञ स्थल की स्थापना की गई। इस दौरान रविनाथ कुंज आश्रम हरमाड़ा जयपुर के महंत योगी भावनाथ महाराज और हाथोज धाम पीठाधीश्वर बालमुकुंदाचार्य भी मौजूद रहे। गाजे-बाजे के साथ निकलेगी भव्य कलश यात्रा आयोजन समिति सदस्य एडवोकेट अनिल संत ने बताया कि महायज्ञ के अंतर्गत 7 जनवरी को दोपहर 2 बजे सीकर रोड स्थित अलका सिनेमा से नींदड़ आवासीय योजना स्थित श्री राम कथा स्थल तक संत-महात्माओं के सानिध्य में गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान श्रद्धालु महिलाएं सिर पर कलश धारण कर धार्मिक उल्लास के साथ भाग लेंगी। जगतगुरु रामभद्राचार्य के सानिध्य में होगा ऐतिहासिक आयोजन सीकर रोड स्थित नींदड़ आवासीय योजना में जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य 8 से 16 जनवरी तक श्री राम कथा करेंगे। कथा में शामिल होने बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री भी शामिल होंगे। इस दौरान सैकंडों विद्वानों की उपस्थिति में 1008 कुण्डीय हनुमान महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन न केवल राजस्थान बल्कि पूरे भारत के लिए एक अद्वितीय आध्यात्मिक ऊर्जा केंद्र के रूप में स्थापित होगा। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी बोली – संत महात्माओं का मिलेगा आशीर्वाद भूमि पूजन कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा – 8 से 16 तारीख तक 1008 कुंडी हनुमान महायज्ञ का आयोजन होने जा रहा है। आज भूमि पूजन किया गया है। इसमें हम सभी शामिल हुए हैं। इतना बड़ा पंडाल तैयार किया जा रहा है मेरे क्षेत्र में इतना बड़ा भव्य आयोजन हो रहा है इसके लिए मैं सभी को आमंत्रित करूंगी कि आप सभी इस यज्ञ में आएं और हमारे संत महात्माओं का आशीर्वाद लें। इससे हमारे क्षेत्र का राज्य का राष्ट्र का नाम ऊंचा होता है, गौरव बढ़ता है। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म, भक्ति और सेवा के इस महापर्व का हिस्सा बनने की अपील की है।


