जयपुर में 17 और 18 जनवरी 2025 को ‘द ढूंढाड़ टॉक्स-2025’ का आयोजन होगा। यह कार्यक्रम बौद्धिक, वैचारिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक चर्चाओं के साथ युवाओं, मातृ शक्ति और प्रबुद्धजनों का ‘महाकुंभ’ बनेगा। सीतापुरा स्थित पूर्णिमा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की थीम ‘राष्ट्र हितम मम कर्तव्यम’ रखी गई है। आयोजन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कार्यक्रम में देशभर की जानी-मानी हस्तियां और विषय विशेषज्ञ 8 अलग अलग संवाद सेशन में अपने विचार साझा करेंगे। कॉलेज स्टूडेंट के लिए प्रतियोगिताएं और 20 प्रमुख प्रकाशनों की 15,000 से अधिक पुस्तकों की स्टॉल भी लगाई जाएंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में जसराज बैंड और गायक रेपरिया बालम की प्रस्तुतियां युवाओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पहले दिन तक होंगे कई सेशन आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन 17 जनवरी को सुबह 9:30 बजे ‘स्व’ की ओर भारत विषय से होगा। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अखिल भारतीय सह-प्रचार प्रमुख प्रदीप जोशी इस सत्र को संबोधित करेंगे। दूसरा सत्र ‘डीप स्टेट, सांस्कृतिक मार्क्सवाद और वोकिज्म’ पर केंद्रित होगा, जिसमें आर्गनाइजर मैगजीन के संपादक प्रफुल केतकर अपने विचार साझा करेंगे। तीसरे सत्र का विषय ‘डेटिंग ऐप, फिल्म और युवा’ रहेगा। इस सत्र में पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता दीपिका नारायण भारद्वाज, द केरला स्टोरी के लेखक सूर्यपाल सिंह और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता अशोक चौधरी शामिल होंगे। दिन का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रम से होगा, जिसमें जसराज बैंड और रेपरिया बालम राष्ट्रभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देंगे। दूसरे दिन के सेशन में शामिल होंगे कई युवा स्पीकर्स 18 जनवरी को सुबह 10 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत ‘आधी आबादी पूरा कर्तव्य’ सेशन से होगा। लेखिका शेफाली वेद्य, वकील चारु प्रज्ञा और सामाजिक कार्यकर्ता रूमा देवी इस सेशन को संबोधित करेंगी। पांचवां सत्र ‘राजस्थानी संस्कृति: हमारा गौरव’ विषय पर होगा, जिसमें लेखक राजवीर सिंह चकलोई और पाथेयकण के सह-प्रबंध संपादक श्याम सिंह युवाओं से संवाद करेंगे। ‘स्व रोजगार की ओर बढ़ता युवा’ विषयक सत्र में सॉफ्टवेयर विशेषज्ञ पुनीत मित्तल, शशिकांत सिंघी और रूमा देवी अपने अनुभव साझा करेंगे। अंतिम सत्र ‘भारत का बदलता वैचारिक परिदृश्य’ रहेगा, जिसमें राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, एयू बैंक के संस्थापक संजय अग्रवाल और आरएचआरडी संरक्षक जसवंत खत्री विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम में महाविद्यालय विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही, देश के प्रमुख प्रकाशनों की 15,000 से अधिक पुस्तकों की स्टॉल दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी।


