गुलाबी नगरी जयपुर एक बार फिर वैश्विक स्तर पर हैप्पी और वेलनेस का मैसेज देने के लिए तैयार है। ग्लोबल हैप्पीनेस फोरम जयपुर (GHFJ) 2025 का आयोजन 27–28 सितंबर को होटल क्लार्क्स आमेर में होगा। 2024 के सफल आयोजन के बाद यह सम्मेलन दूसरी बार जयपुर में हो रहा है। इस बार दो दिवसीय फोरम में देश-विदेश से आए 600 से अधिक प्रतिभागी और 20 से अधिक विशिष्ट वक्ता शामिल होंगे। इस बार का मुख्य विषय गेटवे टू ग्लोबल हैप्पीनेस है, जिसके जरिए व्यक्तिगत, व्यावसायिक और सामाजिक जीवन में खुशी को केंद्र में लाने, खुशी के विज्ञान को समझने और समग्र कल्याण को बढ़ावा देने पर विशेष फोकस होगा। अशोक क्लब में आयोजित बैठक में आयोजक विक्रम रस्तोगी ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन वर्ल्ड हैप्पीनेस फाउंडेशन – इंडिया चैप्टर और एसटी फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है, जिसमें कोगता फाउंडेशन सहयोगी और जेनस पावर इन्फ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड प्रमुख समर्थक है। उद्घाटन और समापन सत्र
27 सितंबर को सुबह 10 बजे उद्घाटन सत्र होगा, जिसमें जेएनयू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के प्रो-चांसलर डॉ. सुधीर भंडारी मुख्य अतिथि होंगे और मेजर जनरल अनुज माथुर अध्यक्षता करेंगे। वहीं, 28 सितंबर को दोपहर 3 बजे समापन सत्र होगा, जिसमें राजेश्वर सिंह, IAS (सेवानिवृत्त), राज्य मुख्य निर्वाचन आयुक्त, मुख्य अतिथि रहेंगे। अमेरिका सहित कई देशों से आएंगे वक्ता
फोरम में अमेरिका, कोस्टा रिका और यूके समेत कई देशों के वक्ता शामिल होंगे, जिनमें डॉ. लुइस गैयार्डो, डॉ. सामदु छेत्री, डॉ. प्रभात पंकज, डॉ. शिव गौतम, एन.के. चौधरी, मिशेल ज़ोउ और राज अग्रवाल प्रमुख हैं। इस अवसर पर पांच प्रभावशाली पुस्तकों का भी विमोचन होगा। प्रदर्शनी में 10 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पुस्तकों का प्रदर्शन और बिक्री भी होगी। फोरम में हैप्पीनेस सॉन्ग्स की स्क्रीनिंग, युवाओं द्वारा वॉलंटियर लीडरशिप पहल और विभिन्न थीमैटिक ट्रैक्स (आध्यात्मिक, भावनात्मक, शारीरिक, बौद्धिक और सामाजिक कल्याण) आकर्षण का केंद्र होंगे। आयोजकों ने बताया कि 2026 से ग्लोबल हैप्पीनेस फोरम, जयपुर और ग्लोबल हैप्पीनेस फेस्टिवल को मिलाकर एकीकृत आयोजन ग्लोबल हैप्पीनेस फोरम एंड फेस्टिवल के रूप में किया जाएगा।


