जयवर्धन सिंह बोले- मेरे पूर्वज और संत कबीर गुरु भाई:गुना में दिग्विजय सिंह के बेटे ने कहा- कोरी समाज से मेरा पारिवारिक नाता

गुना के मानस भवन में रविवार को सर्व कोरी समाज युवक-युवती परिचय सम्मेलन का गरिमामयी आयोजन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में समाज के लगभग 300 युवक-युवतियों ने मंच पर आकर अपना परिचय दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में बमौरी विधायक इंजीनियर ऋषि अग्रवाल उपस्थित रहे। मंच से संबोधित करते हुए विधायक जयवर्धन सिंह ने समाज की पुरानी मांग को दोहराया। उन्होंने बताया कि 3 जून 2019 को तत्कालीन कांग्रेस सरकार के समय उन्होंने कलेक्टर गुना को पत्र लिखकर समाज के मंदिर और धर्मशाला निर्माण हेतु भूमि आवंटित करने की अनुशंसा की थी। उन्होंने खेद जताते हुए कहा कि सरकार बदलने के कारण वह कार्य अधूरा रह गया, लेकिन अब वे और विधायक ऋषि अग्रवाल पुन: इस पत्र का उल्लेख करते हुए आज या कल में ही गुना कलेक्टर को पत्र लिखेंगे और प्रशासन को समाज की इस मांग का स्मरण कराएंगे। विधायक सिंह ने संत कबीर के विचारों को प्रेरणादायक बताते हुए ‘बड़ा हुआ तो क्या हुआ…’ जैसे प्रसिद्ध दोहे का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अहंकार से दूर रहकर जनता के बीच सेवा करनी चाहिए, क्योंकि वही असली सेवक होता है। उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि उनके पूर्वज और संत कबीर गुरुभाई थे, इसलिए वे स्वयं को कोरी समाज के परिवार का हिस्सा मानते हैं। साथ ही उन्होंने भविष्य में राघौगढ़ या आरोन में भी इस तरह के बड़े सम्मेलन के आयोजन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाज के नागरिकों और विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कोरी समाज के नागरिक मौजूद रहे। साथ ही अतिरिक्त कोरी समाज की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूनम वर्मा, अशोकनगर के पूर्व विधायक लड्डूराम कोरी ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *