भास्कर न्यूज| दुमका जरमुंडी थाना क्षेत्र के कल्होर पिंडारी गांव में बुधवार की रात वज्रपात से 47 साल के सुदर्शन दर्वे की मौत हो गई, वहीं 12 वर्षीय बेटी मेडिकल कुमारी बुरी तरह से झुलस गई। बेटी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा हे। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद पिता के शव को स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है। मृतक तीन बच्चों का पिता था और खेती कर जीवन यापन करता था। बताया जाता है कि रात को पूरा परिवार खाना खाने के बाद सो गया। रात में अचानक तेज बारिश होने लगी तो पिता की आंख खुल गई। बारिश के समय उसके मवेशी घर के बाहर पेड़ के नीचे बंधे थे। सुदर्शन मवेशियों को घर के अंदर ले जाने के लिए खोल रहा था, तभी बेटी भी बाहर आ गई। इसी क्रम में पास के पेड़ पर ठनका गिरा और उसकी चपेट में आने से सुदर्शन की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं बेटी भी बुरी तरह से झुलस गई। थाना प्रभारी श्यामाकांत मंडल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। बेटी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर है।


