जरूरतमंद और गरीब तबके के लिए हमेशा अग्रणी रहा है रोटरी क्लब : मल्होत्रा

भास्कर संवाददाता | सीहोर भोपाल नाके के पास पीजी कॉलेज में दो दिवसीय विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में 5,500 से ज्यादा मरीजों ने पंजीकरण कराया। रोटरी क्लब और भोपाल के एक निजी अस्पताल के सहयोग से यह शिविर लगाया गया। समापन अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुशील मल्होत्रा ने कहा कि यह एक सराहनीय पहल है। ऐसे शिविरों से जरूरतमंदों को इलाज मिल पाता है। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे शिविर लगाए जाएंगे। रोटरी क्लब अध्यक्ष मधुर विजयवर्गीय ने बताया कि शिविर में शहर और आसपास के मरीजों की जांच आधुनिक मशीनों से की गई। डिजिटल एक्स-रे, ईसीजी, सोनोग्राफी और रक्त जांच की सुविधा रही। करीब 5 लाख रुपए की दवाइयां मुफ्त बांटी गईं। 135 गंभीर मरीजों का इलाज अब भोपाल में निशुल्क किया जाएगा। मरीजों के लिए भोजन, जांच, ऑपरेशन और दवाइयां पूरी तरह मुफ्त रहीं। बाहर से आए मरीजों के लिए वाहन की व्यवस्था भी की गई। शिविर की व्यवस्था विधायक सुदेश राय के सहयोग से की गई। भोपाल से आए डॉक्टर रविश चौधरी ने सर्दी के मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सुबह और रात को ठंड ज्यादा होती है। दिन में धूप रहती है, लेकिन शाम को सिहरन बढ़ जाती है। इस मौसम में गले में खराश, सर्दी-जुकाम और सीने में जकड़न की शिकायतें बढ़ती हैं। डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को खास ध्यान रखना चाहिए। 50 से अधिक बीमारियों के विशेषज्ञ मौजूद थे शिविर में नेत्र, दंत, बाल रोग, स्त्री रोग, शुगर रोग, जोड़ों में दर्द, हड्डी रोग और हृदय रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम ने मरीजों की जांच की और आवश्यक उपचार व परामर्श प्रदान किया। मरीजों को निशुल्क दवाइयां और चश्मे भी उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा जरूरतमंदों को ऑपरेशन संबंधी मार्गदर्शन भी दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *