भास्कर न्यूज | अमृतसर ऐतिहासिक जलियांवाला बाग के एक्जिट गेट के बाहर सफाई व्यवस्था बदहाल होने से स्थानीय दुकानदारों और यहां पहुंचने वाले सैकड़ों टूरिस्टों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक्जिट गेट के बाहर पानी निकासी के लिए बनी नाली जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क पर फैल गया है, जिससे राहगीरों को इसी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। यह एक्जिट मार्ग परागदास वाली सड़क की ओर खुलता है, जो जलियांवाला बाग से बाहर निकलने का मुख्य रास्ता है। यहां रोजाना देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु गुजरते हैं, लेकिन वर्तमान हालातों के कारण इस मार्ग पर चलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार सड़क के दोनों तरफ खुली नालियां बनी हुई हैं, लेकिन उनकी सफाई महीनों से नहीं हुई। कई दुकानदारों द्वारा दुकानें आगे बढ़ाने के चलते नाली के रास्ते अवरुद्ध हो गए हैं, जिससे पानी सड़क पर जमा हो रहा है। ऊपर से सड़क की हालत पहले ही खराब है, जिसके कारण पानी कई घंटों तक वहीं रुका रहता है और बदबू फैलती रहती है। जलियांवाला बाग शहीद परिवार समिति के महासचिव नैनीश बहल ने कहा कि बाग के संरक्षण पर करोड़ों रुपए खर्च किए गए, लेकिन बाहर की सड़क और सफाई व्यवस्था आज भी लावारिस स्थिति में है। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन ने इस ऐतिहासिक स्थल के आस-पास की सड़क और निकासी व्यवस्था को पूरी तरह नजरअंदाज किया है। समिति के प्रधान महेश बहल ने कहा कि जलियांवाला बाग देश की शहादत का प्रतीक है, लेकिन यहां की अव्यवस्था देखने वालों पर गलत प्रभाव छोड़ती है। उन्होंने इसे शहीदों का अपमान बताया और साफ चेतावनी दी कि अगर सड़क और नालियों की समस्या को प्राथमिकता पर हल नहीं किया गया, तो समिति विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने जलियांवाला बाग का सौंदर्यीकरण करने वाले ठेकेदार पर इस लापरवाही का आरोप लगाया। सरकार की ओर से बाग के सौंदर्यीकरण के लिए करोड़ों रुपए लगा दिए, लेकिन बाग के हालात भी नहीं सुधरे।


