प्रतापगढ़ की जलोदा जागीर थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 2 क्विंटल 55 किलो 245 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 38 लाख 25 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस टीम को जलोदा जागीर थाना क्षेत्र में जलोदा से बम्बोरी मार्ग पर रेलवे अंडरब्रिज से करीब 400 मीटर आगे एक सफेद मारुति ईको संदिग्ध अवस्था में दिखी। इसके पीछे एक सफेद टीयूवी-300 (आरजे 27 यूसी 3355) को रस्सी से टोचन किया जा रहा था। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो ईको चालक ने गाड़ी रोक दी। हालांकि, टीयूवी में बैठे दो व्यक्ति मौके से फरार हो गए। ईको चालक ने भी भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। दोनों वाहनों की तलाशी लेने पर टीयूवी-300 में प्लास्टिक के 20 कट्टों में 255.245 किलो अवैध अफीम डोडाचूरा मिला। पुलिस ने मौके से सुनील (25) निवासी चांदोली को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मारुति ईको और टीयूवी-300 दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया है। फरार हुए अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


