जवानों को शहीद का दर्जा देने की मांग:हेमंत कटारे ने CM को लिखा पत्र, नक्सल ऑपरेशन से लौटते समय हादसे में 4 जवानों की गई जान

नक्सल विरोधी अभियान से लौटते समय हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पुलिस जवानों को शहीद का दर्जा देने की मांग उठी है। मध्यप्रदेश विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष और अटेर विधायक हेमंत सत्यदेव कटारे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर मृत जवानों को शहीद का दर्जा देने तथा उनके परिवारों को सम्मान और सहायता देने का आग्रह किया है। दरअसल, बीडीएस शाखा की टीम 30 अक्टूबर 2025 को बालाघाट जिले में नक्सल विरोधी अभियान पर गई थी। 10 दिसंबर को ड्यूटी पूरी करके मुरैना लौटते समय सागर जिले के बांदरी झिझीनी घाटी में एनएच 44 पर उनके वाहन की सामने से आ रहे कंटेनर से टक्कर हो गई। हादसे में चार पुलिसकर्मी मौके पर ही शहीद हो गए और एक गंभीर घायल हुआ जिसे दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपनेता प्रतिपक्ष ने शहीद का दर्जा देने की मांग की
मध्यप्रदेश विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष एवं अटेर विधायक हेमंत सत्यदेव कटारे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर नक्सल ऑपरेशन की जोखिम भरी ड्यूटी से लौट रहे बम डिस्पोजल स्क्वॉड के वाहन की दुर्घटना में मृत जवानों को शहीद का दर्जा देने की मांग की है। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कटारे ने बताया कि सागर जिले के बांदरी के पास बुधवार तड़के नेशनल हाईवे-44 पर बम डिस्पोजल स्क्वॉड के वाहन और एक कंटेनर की भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में मध्यप्रदेश पुलिस के चार जवानों की असामयिक मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि मुरैना पुलिस का बस निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वॉड बालाघाट में नक्सल विरोधी अभियान में तैनात था और ड्यूटी पूरी कर मुरैना लौटते समय यह दुर्घटना हुई। हादसे में आरक्षक प्रधुम्न दीक्षित, अनिल कौरव तथा डॉग मास्टर विनोद शर्मा और परिमल सिंह तोमर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरक्षक राजीव चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। शहीद का दर्जा देने से दूसरे जवानों का मनोबल बढ़ेगा
कटारे ने पत्र में कहा कि मृत सभी जवान दुर्गम और अत्यंत जोखिमपूर्ण नक्सल विरोधी अभियान में संलग्न थे। ऐसी परिस्थितियों में कर्तव्य निर्वहन के दौरान जान गंवाने वाले इन वीर जवानों को शहीद का दर्जा दिया जाना चाहिए। इससे न केवल पीड़ित परिवारों को सम्मान और संबल मिलेगा, बल्कि जोखिमपूर्ण ड्यूटी में तैनात पुलिस जवानों का मनोबल भी बना रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *