जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत ओडिशा से एक गांजा सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुरस्तम बारीक (22) ओडिशा के बोधा जिले के ग्राम टटरकिला का रहने वाला है। यह मामला फरवरी 2025 का है। कोतबा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मारुति ब्रेजा कार में गांजा ले जाया जा रहा है। पुलिस ने राजाआमा गांव के पास कार से 98 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया। इस मामले में चैतन्य यादव (27) को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में पुरस्तम का नाम आया था सामने चैतन्य ने पूछताछ में बताया कि उसने गांजा पुरस्तम बारीक से खरीदा था। पुरस्तम लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस ने मुखबिर और तकनीकी टीम की मदद से उसकी लोकेशन ट्रैक की। पुलिस ने ओडिशा के टटरकिला में उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुरस्तम ने बताया कि वह चैतन्य से वॉट्सऐप पर संपर्क में था। उसी के जरिए उसने गांजे की सप्लाई की थी। पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B)(2)(C), 8, 9 और 29 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में बेहद पेशेवर तरीके से कार्रवाई की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान हो चुकी है और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।


