जशपुर पुलिस ने 3 लड़कियों को किया सकुशल बरामद:पारिवारिक कलह में घर से निकली थी, महिला ने करवाई मजदूरी; गिरफ्तार

जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत तीन नाबालिग बच्चियों को सकुशल बरामद किया है। बगीचा थाना क्षेत्र से दो और नारायणपुर थाना क्षेत्र से एक बच्ची को उनके परिजनों से मिलाया गया है। बगीचा क्षेत्र की दो बहनें 17 अप्रैल को बिना बताए घर से चली गई थीं। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। साइबर सेल और तकनीकी टीम की मदद से पता चला कि बच्चियां पार्वती नाम की महिला के संपर्क में थीं। पुलिस ने 27 अप्रैल को अंबिकापुर जिले के धौरपुर गांव से दोनों बच्चियों को बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि पारिवारिक कलह के कारण बच्चियां पार्वती के बहकावे में आ गईं। आरोपी महिला ने नाबालिग बच्चियों से मजदूरी भी करवाई। पुलिस ने पार्वती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। नारायणपुर थाना क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की 15 अप्रैल को दुकान जाने के बहाने घर से निकली थी। परिजनों की शिकायत और तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि बच्ची फरसाबहार थाना क्षेत्र में है। पुलिस ने उसे भी सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में आरोपी की तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *