जशपुर में ऑरेंज अलर्ट: तेज हवा के साथ बारिश के आसार

भास्कर न्यूज| जशपुरनगर वेस्टन डिस्टरबेंस की वजह से रविवार की सुबह से आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने बस्तर और सरगुजा के समूचे संभाग को ऑरेंज अलर्ट पर रखा है। जशपुर जिले में सोमवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना बनी हुई है। यदि तेज हवाएं चलती हैं और बारिश होती है तो इसका सबसे ज्यादा असर आम और लीची के फल पर पड़ेगा। क्योंकि वर्तमान में आम के फल पेड़ों में लदे हुए हैं। दुलदुला, फरसाबहार, कांसाबेल और पत्थलगांव इलाके में 20 से 30 दिनों बाद आम पकने शुरू हो जाएंगे। वहीं बागान में उत्पन्न होने वाले कुछ प्रजातियों के आम पकने शुरू हो चुके हैं। किसानों को डर है कि तेज हवाओं की वजह से आम की डगाल टूटकर ना गिर जाएं। क्योंकि फलों की वजह से आम के डगाल पर लोड अभी ज्यादा है। इसके अलावा आम के फल भी झड़ सकते हैं। बता दें कि इस साल आम का फलन देर से हुआ है। क्योंकि फरवरी मार्च महीने में बारिश नहीं हुई थी। उस दौरान बारिश की कमी से आम के बौर पर मैंगो हापर कीटों का प्रकोप देखा गया था। हालांकि बागवानी वाले किसानों ने इसका उपचार कर लिया था। अप्रैल में हुई बारिश के बाद आम के बौर में फल लगने शुरू हुए हैं और फलों का ग्रोथ भी बेहतर हो रहा है। ऐसे वक्त में तेज हवाएं आम के लिए खतरा है। लीची के साथ भी अमूमन यही स्थिति बन रही है। आसमान में बादल और मध्यम हवाओं के चलने की वजह से जशपुर, मनोरा और बगीचा ब्लॉक के पहाड़ी इलाकों में भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। जशपुर शहर की बात करें तो शुक्रवार तक जहां शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया था, वहीं रविवार को बादल छाने के बाद दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री पर रहा। इससे काफी हद तक गर्मी से राहत महसूस की गई। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार बादल और बारिश की वजह से इस सप्ताह रविवार तक अधिकतम तापमान 32 डिग्री से कम ही रहेगा। इसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोत्तरी शुरू हो जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *