जशपुर के कुनकुरी स्थित हॉली क्रॉस नर्सिंग कॉलेज में छात्रा अमीषा बाई पर कथित धर्म परिवर्तन के दबाव के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने हिंदू आक्रोश रैली निकाली। रैली में जिले भर से सैकड़ों हिंदू समाज के लोग शामिल हुए। सलियाटोली से शुरू हुई यह रैली तहसील कार्यालय और पुलिस थाने होते हुए जय स्तंभ चौक तक पहुंची। रैली का नेतृत्व आचार्य राकेश और बजरंग दल के जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव ने किया। जय स्तंभ चौक पर पहुंचकर रैली धरने में तब्दील हो गई। आचार्य राकेश ने कहा कि सेवा के नाम पर चल रहे धर्मांतरण का खेल नर्सिंग कॉलेज की इस घटना से सामने आ गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि सनातन समाज ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ने दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्य की गिरफ्तारी की मांग बजरंग दल के जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव ने कहा कि अमीषा बाई के साथ जो कुछ भी हुआ वह हिंदुओं की आस्था और उनकी परंपराओं पर कुठाराघात है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कलेक्टर और एसपी से शिकायत के बाद भी प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं की गई और न ही संस्था के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा, इससे हिंदुओं में नाराजगी है। अपनी इस नाराजगी को व्यक्त करने के लिए आक्रोश रैली का आयोजन किया गया है। अगर प्रशासन ने नर्सिंग कॉलेज की महिला प्राचार्य को गिरफ्तार कर, मान्यता रद्द करने की कार्रवाई नहीं की तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा। सुरक्षा के कड़े इंतजाम
हिंदू आक्रोश रैली को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कुनकुरी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। घटना के बाद विवाद में घिरे हॉली क्रॉस अस्पताल की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त जवानों की तैनाती की थी। रैली के साथ भी पुलिस बल के जवान और अधिकारी चल रहे थे।


