जशपुर में सोलर पंप स्टार्टर चोरी:सरसों के खेत से चुराए, खरीददार समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल

जशपुर पुलिस ने खेत से सोलर समरसिबल पंप का स्टार्टर चुराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी का माल खरीदने वाले शख्स को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास ने समरसिबल पंप स्टार्टर और 1000 रुपए कैश जब्त किया है। मामला पंडरा पाठ चौकी क्षेत्र ग्राम पोस्कट का है। दरअसल, मनोज कुमार यादव (36) ने 6 जनवरी को पंडरा पाठ चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 29 दिसंबर 2025 को उनके सरसों के खेत में लगे सोलर प्लेट से जुड़े समरसिबल पंप का स्टार्टर चोरी हो गया था। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपए है। उन्होंने भूपेंद्र राम और विनोद यादव पर चोरी का संदेह जताया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) और 317(2) के तहत केस कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके बाद संदिग्ध आरोपियों की तलाश तेज की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भूपेंद्र राम और विनोद यादव को पंडरा पाठ क्षेत्र में एक कार में घूमते हुए हिरासत में लिया। 4 हजार रुपए में बेचा पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि चोरी किया गया समरसिबल पंप स्टार्टर उन्होंने ग्राम चुंदा पाठ निवासी उदय नाथ यादव को 4 हजार रुपए में बेच दिया था। इस जानकारी पर पुलिस ने उदय नाथ यादव के घर दबिश देकर चोरी का स्टार्टर बरामद किया और उसे भी गिरफ्तार कर लिया। स्टार्टर और कैश जब्त पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया समरसिबल पंप स्टार्टर और बिक्री की रकम में से 1000 रुपए कैश जब्त किए हैं। आरोपियों ने बताया कि बाकी पैसे वे खर्च कर चुके हैं। जुर्म स्वीकार करने के बाद विनोद यादव (28), भूपेंद्र राम (26) और उदय नाथ यादव (37) को विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। जारी रहेगी सख्त कार्रवाई SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि पंडरा पाठ क्षेत्र में खेत से समरसिबल पंप स्टार्टर चोरी करने वाले आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *