जशपुर में 3 करोड़ की अवैध शराब पकड़ाई:सीमेंट बोरियों के पीछे छिपाया था; पंजाब से झारखंड जा रहे 2 तस्कर गिरफ्तार

जशपुर जिले में दो दिन के अंदर 3 करोड़ की अवैध शराब पकड़ाई है। पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत कार्रवाई करते हुए दो ट्रकों से 1,574 पेटी में भरी 14,027 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। दो अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई कर पुलिस ने करोड़ों की शराब जब्त की है। पहले केस में सीमेंट की बोरियों के पीछे बड़ी मात्रा में शराब मिला। वहीं दूसरे केस में भी ट्रक से शराब जब्त कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुट्टी सीमेंट की बोरियों के पीछे छिपाया पहली कार्रवाई में लोरो घाट के पास सरदार ढाबा पर एक अशोक लीलैंड ट्रक को रोका गया। ट्रक में पुट्टी सीमेंट की बोरियों के पीछे 790 कार्टून में 7,015 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब छिपाई गई थी। पुलिस ने पंजाब के चंबा निवासी ट्रक चालक श्रवण सिंह (43) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में एक और खुलासा आरोपी की पूछताछ और मोबाइल डेटा की जांच से एक और ट्रक का पता चला। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर दुलदुला थाना पुलिस मध्य प्रदेश के अनूपपुर पहुंची। वहां एक ट्रक से 784 पेटी में 7,012 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इसकी कीमत करीब ढाई करोड़ रुपए है। पुलिस ने पटियाला निवासी चालक बलविंदर उर्फ गोलू (25) को गिरफ्तार किया। खास पैटर्न पर काम कर रहे थे तस्कर पूछताछ में खुलासा हुआ कि तस्कर एक खास पैटर्न पर काम कर रहे थे। चालकों को पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर शराब से भरा ट्रक दिया जाता था। इसे हजारीबाग (झारखंड) पहुंचाना होता था। वहां तस्करों की दूसरी टीम माल खाली कर ट्रक वापस भेज देती थी। चालकों को शराब की लोडिंग और अनलोडिंग के स्थान की जानकारी नहीं दी जाती थी। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि इस अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना तक पहुंचने के लिए जांच जारी है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। कम चेकिंग वाले रास्तों का उपयोग कर रहे थे तस्कर पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि तस्कर कम टोल प्लाजा और कम चेकिंग वाले ग्रामीण पक्के रास्तों का उपयोग कर रहे हैं ताकि पकड़े जाने का खतरा कम हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *