जशपुर पुलिस ने 52 किलो 100 ग्राम अवैध गांजे के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गांजे की तस्करी में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार (क्रमांक CG-13-AM-9231) को भी जब्त कर लिया है। जब्त किए गए गांजे और वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपए बताई जा रही है। यह कार्रवाई चौकी आरा क्षेत्र के बोरोझरिया-काशीबंध जंगल में की गई। तस्कर ओडिशा से गांजा लाकर ग्रामीण रास्तों के जरिए जशपुर में बेचने की फिराक में थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 फरवरी 2026 की सुबह चौकी आरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसमें बताया गया था कि एक क्रेटा कार में सवार कुछ लोग ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लेकर आ रहे हैं। वे गांजे को प्लास्टिक की थैलियों में पैक कर वाहन में छिपाए हुए थे और कईकछार, काशीबंध तथा बीरोपानी के ग्रामीण मार्गों से होते हुए जशपुर की ओर बढ़ रहे थे। सूचना की गंभीरता को देखते हुए चौकी आरा पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने बीरोपानी-काशीबंध जंगल क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू की। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा, एक फरार इसी दौरान काशीबंध की तरफ से आ रही एक संदिग्ध क्रेटा कार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। जैसे ही कार रुकी, उसमें से एक व्यक्ति पुलिस को देखकर जंगल में भाग गया, जबकि दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। कार से 52 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहरूख शाह (34) और तारिक अंसारी (27) के रूप में हुई। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो पीछे की डिग्गी से 50 पैकेट में कुल 52 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने स्वीकार किया कि यह गांजा उड़ीसा से लाकर जशपुर में बेचना था। जब्त गांजे की कीमत करीब 5 लाख रुपए पुलिस ने गांजा और कार दोनों जब्त कर लिए। बरामद गांजे की बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपए और कार की कीमत लगभग 15 लाख रुपए आंकी गई, यानी कुल 20 लाख रुपए की अवैध संपत्ति जब्त की गई। आरोपियों की निशानदेही पर फरार तीसरे आरोपी की पहचान भी कर ली गई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अभियान चला रही है। मामले में चौकी आरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत केस दर्ज किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। ऑपरेशन आघात के तहत लगातार कार्रवाई जारी है और फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


