जस्सा गिरोह के 2 गुर्गे गिरफ्तार:69 लाख के नशे की खेप पकड़े जाने के बाद सामने आए थे नाम,

सतना जिले की उचेहरा थाना पुलिस ने गांजा और कफ सिरप की तस्करी के मामले में कुख्यात तस्कर अनूप जायसवाल उर्फ जस्सा के गिरोह के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। इन दोनों के नाम परसमनिया क्षेत्र से 69 लाख रुपये के नशे की खेप पकड़े जाने के बाद सामने आए थे। दरअसल, 16 जनवरी की शाम उचेहरा क्षेत्र के मड़फई में चौरसिया बाई (65 वर्ष) के घर से पुलिस ने 28 लाख 80 हजार रुपये मूल्य का 120 पेटी प्रतिबंधित कफ-सिरप बरामद किया था। इस कार्रवाई में महिला समेत मनीष यादव (31 वर्ष) और शैलेन्द्र उर्फ टिंकू गुप्ता (35 वर्ष, निवासी भुरहुरा) को गिरफ्तार किया गया था। घर में रखा नशीला कफ सिरप
पूछताछ के दौरान, गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि यह पूरी खेप कुख्यात तस्कर अनूप जायसवाल उर्फ जस्सा की थी और उसी के निर्देश पर उनके घर में रखी गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि कफ-सिरप बाहर से लाकर उतरवाने और रखवाने में सोनेन्द्र उर्फ बड़े भइया उर्फ सोनेलाल यादव (41 वर्ष) और दानेन्द्र उर्फ पंकज सिंह (26 वर्ष, निवासी महाराजपुर) की मुख्य भूमिका थी। इस कार्रवाई के अगले ही दिन, पुलिस ने सखौंहा खुर्द के सन्यासी टोला निवासी रामाधार चौधरी (50 वर्ष) के घर पर छापा मारा। वहां से 40 लाख रुपये कीमत का 4 क्विंटल गांजा जब्त किया गया। पूछताछ में सूखे नशे के इस जखीरे को लाने और रखवाने में भी सोनेन्द्र और दानेन्द्र के नाम सामने आए। 12 दिनों से चल रही थी तलाशी
दोनों प्रकरणों में नामजद होने के बाद सोनेन्द्र और दानेन्द्र की सरगर्मी से तलाश शुरू की गई। पुलिस ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी और अंततः 29 जनवरी को अलग-अलग स्थानों से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी तलाश पिछले 12 दिनों से चल रही थी। इस पूरी कार्रवाई में टीआई सतीश मिश्रा, एसआई रामअवतार पटेल, प्रीतम सिंह, एएसआई देवनारायण उपाध्याय, प्रधान आरक्षक भूपेन्द्र सिंह, संतोष वर्मा, आरक्षक सम्मर भलावी, रत्नेश रावत, अरविंद शुक्ला, शैलेन्द्र कुशवाहा और अनुराग जायसवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *