जहांगीराबाद बवाल:हिंसा के बाद जागी पुलिस; 2 उपद्रवी पकड़े, 70 से ज्यादा जवान तैनात, पीएचक्यू ने मांगी रिपोर्ट

इलाके में दहशत… लोगों ने जागते हुए सारी रात काटी, अधिकतर दुकानें दिनभर बंद रहीं धर्मस्थलों पर फोर्स … हर आने-जाने वाले से पूछताछ, अफसर ले रहे पल-पल अपडेट जहांगीराबाद स्थित लक्ष्मीगंज गल्ला मंडी में मंगलवार को हुए बवाल के बाद इलाके में तनाव है। अधिकतर घरों में लोगों ने जागते हुए रात काटी। तीन पॉइंट पर 70 से ज्यादा पुलिसकर्मी रातभर तैनात रहे। इनमें करीब 25 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। दोनों पक्षों के घरों के रास्ते के बीच बैरिकेडिंग कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने रिपोर्ट तलब कर ली है। बुधवार तड़के 5 बजे पुलिस ने बलवा करने वालों की तलाश में सरदार मोहल्ले में दबिश दी। संदेह के आधार पर 10 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया। एसीपी सुरभि मीणा ने बताया कि दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। रहवासियों का कहना है, पुलिस ने अचानक दबिश दी। किसी को अंदाजा भी नहीं था, ऐसा होने वाला है। इलाके की अधिकतर दुकानें बुधवार को बंद रहीं। बता दें दो दिन पुराने विवाद को लेकर मंगलवार सुबह दो पक्षों में जमकर पथराव हुआ और तलवारें चली थीं। इसमें कई लोग घायल हुए थे। दोनों इलाकों के बीच बैरिकेड… वहीं पुलिस का टेंट बवाल के बाद दोनों पक्षों की एक-दूसरे के क्षेत्र में आवाजाही रोकने के लिए बीच के रास्ते पर बैरिकेडिंग की गई है। यहीं पुलिस ने टेंट लगा लिया है। चश्मदीद बोला- तलवारें लहराते आए लोग, लगा… अब बचेंगे नहीं जिस रास्ते से उपद्रवी तलवारें लेकर आए उस मोड़ पर पहला घर रईस का है। वे कहते हैं, अचानक शोर हुआ और कुछ लोग तलवारें लेकर घर की तरफ आए। मैंने जल्दी से दरवाजा लगाया, तभी उपद्रवियों ने गेट पर तलवारें मारना शुरू कर दिया। मेरी पत्नी बुरी तरह घबरा गई। घर के पास कुछ पुलिस वाले मौजूद थे, लेकिन वे कुछ नहीं कर सके। एक पल को लगा, हमारा बचना मुश्किल है। कुछ देर बाद फोर्स आया, तब मामला शांत हुआ। डिलीवरी बॉय को भी रोका मंगलवार को हुई गलती पुलिस दोहराना नहीं चाहती। इसलिए जहां बवाल हुआ, वहां आने-जाने वालों से पूछताछ हो रही है। बुधवार को पार्सल लेकर पहुंचे डिलीवरी बॉय से पूछताछ हुई। अधिकारी फोन पर पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। टेंट लगाकर रातभर पुलिस जवानों के रुकने का इंतजाम किया गया है। धार्मिक स्थानों के आसपास फोर्स तैनात है। बड़ा सवाल … इंटेलिजेंस कहां फेल जहांगीराबाद में रविवार को हुए विवाद के बाद पुलिस अच्छी तरह जानती थी, मामला संवेदनशील है। फिर भी इंटेलिजेंस कहां फेल हुई, यह बड़ा सवाल है। बवाल के लिए बाहरी लोगों को बुलाने की जानकारी सामने आई है। यह आरोप घायल पक्ष के लोगों ने लगाया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *