भास्कर न्यूज | अमृतसर बाजार सिरकी बंदा स्थित शिवाला गंगा राम में सोमवार सुबह 8 से 9 बजे तक श्री रामचरितमानस पाठ किया गया। मंदिर कमेटी के प्रधान अमन मेहरा और संरक्षक दीन दयाल की अध्यक्षता में शुरू की कथा को गोस्वामी तुलसीदास मंदिर के धर्मपाल और उनके सहयोगियों ने की। भक्तों से भरे मंदिर परिसर में सबसे पहले धर्मपाल जी ने बाबा भोलेनाथ की आरती उतारी। इसके बाद उन्होंने कथा शुरू करते भगवान शिव की कथा को रामकथा में पिरोया। उन्होंने कहा कि शिवजी की बारात भी सजाई एवं पार्वती जी के साथ विवाह बंधन में बंधकर बारात की विदाई की गई। इसी दौरान कई महिलाएं भी रुआंसी हो गई। क्योंकि बेटी की विदाई पर सभी को वेदना होती है। कथा दौरान धर्मपाल ने कहा कि जहां श्रद्धा और विश्वास अटूट है, वहां तर्क को स्थान नहीं है। इस मौके पर मां पार्वती ने कैलाश पर जाकर भोलेनाथ की पूजा की। कथा के अंत में बाबा भोलेनाथ के जयकारों के साथ सारा मंदिर परिसर गूंज उठा। इस मौके पर अजय मेहरा, विजय, विक्रम कपूर, कपिल, राजेश कपूर, अक्षय कपूर, साहिल शर्मा, कुणाल, यशपाल, करण श्रीवास्तव समेत कई भक्त मौजूद रहे।


