भास्कर न्यूज | अमृतसर गंगा दशमी के दिन 5 जून को दुर्ग्याणा तीर्थ का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इसे यादगार बनाने के लिए मंदिर कमेटी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कमेटी के महासचिव अरुण खन्ना ने बताया कि स्थापना दिवस से पहले 25 से 29 अप्रैल तक प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। ये फेरियां शहर के अलग-अलग इलाकों में जाएंगी। 31 अप्रैल को मंदिर से शोभायात्रा निकलेगी। यह यात्रा भी शहर के कई हिस्सों से होकर गुजरेगी। स्थापना दिवस पर सुबह पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ श्री ठाकुर जी का दुग्ध स्नान करवाया जाएगा। इसके बाद शहर की भजन मंडलियां हरिनाम संकीर्तन करेंगी। शाम को श्री ठाकुर जी को नौका बिहार करवाया जाएगा। सरोवर किनारे पंडित गंगा आरती करेंगे। इसी दौरान मंदिर कमेटी और शहर के भक्त मिलकर सरोवर किनारे 11 हजार दीपक जलाएंगे। शाम को भजन गायकों द्वारा हरिनाम संकीर्तन किया जाएगा। भक्त झूमकर भक्ति में लीन होंगे। दुर्ग्याणा तीर्थ का यह शताब्दी समारोह है। इस मौके पर कई आयोजन होंगे। 3 से 5 जून तक शाम साढ़े 4 से साढ़े 8 बजे तक वेद कथा भवन में वृंदावन से आए युवा संत मन्माधव गौरेश्वर वैष्णवाचार्य श्री पुण्डरीक गोस्वामी महाराज युवाओं के लिए प्रवचन देंगे। इन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में नौजवान पहुंचेंगे।


