पाडल्या | ग्राम कवाणा में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर की गई शिकायत पर जांच के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसको लेकर ग्राम कवाणा के पूर्व सरपंच जितेंद्र कछावा, सुल्तान खान व ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में आवेदन देकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया ग्राम पंचायत में चल रहे निर्माण कार्यों में अनियमितताओं को लेकर 28 मई को शिकायत की। कलेक्टर के आदेश पर जिला पंचायत के दल ने 28 अगस्त को जांच की। जनपद के अधिकारी महेश सोलंकी, रामलाल बरसेना व इसदीप सेन ने भी इसी दिन जांच की। लेकिन तीन माह बाद भी न कोई कार्रवाई की गई और न ही जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराई गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभागों की उदासीनता के चलते दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। कलेक्टर से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए ताकि पंचायत स्तर पर हो रहे निर्माण कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।


