जांजगीर-चांपा जिले में हनुमान धारा त्रिदेव घाट के पास से तीन स्कूली बच्चे लापता हो गए हैं। स्कूल की छुट्टी होने के कारण तीनों दोस्त सुबह करीब 10 बजे साइकिल से हनुमान धारा में नहाने गए थे। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान त्रिदेव घाट के पास तीनों बच्चों की साइकिल, कपड़े और चप्पलें मिलीं। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद इन बच्चों की तलाश में SDRF और पुलिस की टीमें बड़ा अभियान चला रही है। लापता बच्चों की पहचान 5वीं के रुद्र राज (11 वर्ष), 8वीं के यश राठौर (14 वर्ष) और कक्षा 9वीं के नेल्सन लकड़ा (15 वर्ष) के रूप में हुई है। ये तीनों मनका पब्लिक स्कूल के छात्र हैं। सूचना मिलते ही चांपा पुलिस, SDRF टीम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। SDM पवन कोसमा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। बच्चों की खोजबीन के लिए हसदेव नदी का जल प्रवाह अस्थायी रूप से रोक दिया गया है, ताकि तलाशी अभियान में तेजी लाई जा सके। फिलहाल तीनों बच्चों की तलाश लगातार जारी है। परिजन और पुलिस टीम मौके पर मौजूद हैं। शाम होने के बाद अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया है। SDRF टीम गुरुवार की सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन करेगी। चांपा के SDM पवन कोसमा ने बताया कि सुबह 10-11 बजे तीन बच्चे हनुमान धारा घूमने गए थे। परिजनों ने उन्हें फोन किया, लेकिन कोई पता नहीं चला। बाद में लोकेशन के आधार पर वहां पहुंचे। वहां बच्चों की साइकिल और कपड़े मिले। शक है कि बच्चे नहाने के लिए नदी में गए होंगे। उनकी तलाश अभी जारी है। नदी का बहाव तेज था, लेकिन एनिकट से पानी का बहाव कम कर दिया गया है। खोजबीन जारी है और इसके बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। …………………………………………. क्राइम से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें रायपुर में पानी भरे गड्ढे में डूबे 2 भाई…मौत:बिल्डर ने खुदवाया, भरा नहीं, परिजन-ग्रामीणों ने चक्काजाम किया, 3KM तक जाम में फंसे रहे लोग रायपुर के सरकारी स्कूल के पास 2 बच्चे खेलते-खेलते सड़क किनारे बने पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। दोनों बच्चे मौसेरे भाई थे। गड्ढे की गहराई ज्यादा होने के कारण वे बाहर नहीं निकल पाए और डूबने से उनकी मौत हो गई। मृतकों में सत्यम (8 साल) और आलोक (7 साल) शामिल थे। ये दोनों बच्चे अपनी मौसी के बेटे के जन्मदिन के मौके पर यहां आए थे। पढ़ें पूरी खबर…


