जांजगीर-चांपा में मंगलवार को एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई। खोखरा स्थित शराब दुकान के पास दो बदमाशों ने शराब दुकानों से कैश कलेक्शन कर रही टीम से 78 लाख रुपए लूट लिए। बदमाशों ने सिक्योरिटी गार्ड के पैर में गोली मारकर वारदात को अंजाम दिया। घटना साढ़े शाम 5 बजे की है। कैश कलेक्शन टीम में धीरज सिंह, चालक अमन सिंह और सिक्योरिटी गार्ड शैलेंद्र सिंह बैस शामिल थे। टीम ने विभिन्न शराब दुकानों से कुल 78 लाख रुपए का कलेक्शन किया था, जो स्कॉर्पियो वाहन (CG 12AZ 8733) में रखा था। गाड़ी खोलने से मना करने पर बदमाशों ने मारी गोली शाम करीब 5 बजे जब टीम खोखरा शराब भट्टी दुकान पहुंची, तब दो युवक आए और गाड़ी खोलने को कहा। गार्ड शैलेंद्र सिंह के मना करने पर बदमाशों ने देशी कट्टे से उनके पैर में गोली मार दी। इसके बाद बदमाशों ने वाहन से पैसों की पेटी निकाली और रुपए बैग में भरकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घायल गार्ड को पहले जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आबकारी विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर बदमाशों की तलाश में जुटी है।


