अबोहर में छत से गिरे 2 बच्चे:मकर संक्रांति पर उड़ा रहे थे पतंग, एक की हालत गंभीर; फरीदकोट रेफर

अबोहर में मकर संक्रांति के मौके पर पतंगबाजी के दौरान दो बच्चे छत से गिर गए। जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। मंगलवार शाम को आनंद नगरी की गली नंबर 6 में दो 12 वर्षीय अनमोल (पुत्र राजकुमार) और दूसरे अनमोल (पुत्र कश्मीरी लाल) शाम के समय अपने घर की छत पर पतंग उड़ा रहे थे। अचानक पैर फिसलने से दोनों नीचे गिर पड़े। हादसे में कश्मीरी लाल के बेटे अनमोल को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के बाद फरीदकोट रेफर कर दिया गया। वहीं राजकुमार के बेटे अनमोल के सिर और शरीर के कई हिस्सों में चोट लगी है। यह पहला हादसा नहीं है। इससे एक दिन पहले सोमवार को गांव अमरपुरा में एक और दर्दनाक घटना हुई थी, जहां 6 वर्षीय दिवांशु पतंग उड़ाते समय घर में रखे खौलते पानी में गिर गया और बुरी तरह झुलस गया। वह अभी भी सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन है। स्थानीय जागरूक नागरिकों ने अभिभावकों से अपील की है कि त्योहार की खुशियां कहीं दुख में न बदल जाएं, इसलिए बच्चों को पतंग उड़ाते समय विशेष निगरानी में रखें। मकर संक्रांति पर बच्चों में पतंग उड़ाने की होड़ लगी रहती है, लेकिन माता-पिता की थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *