जांजगीर-चांपा जिले की शिवरीनारायण पुलिस ने 1.88 करोड़ रुपए की ठगी के एक फरार आरोपी उत्तरा कुमार साहू (52 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिलारी का निवासी है और उस पर जमीन की खरीद-बिक्री तथा शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर रकम ढाई गुना करने का लालच देकर ठगी करने का आरोप है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित राजेश कुमार साहू ने 14 नवंबर 2025 को शिवरीनारायण थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि साल 2023 में भूपेंद्र साहू ने उन्हें जमीन के कारोबार और अपने बेटे के शेयर मार्केट में काम करने का हवाला दिया था। ढाई गुना रिटर्न का लालच देकर 1.88 करोड़ की ठगी भूपेंद्र साहू ने राजेश कुमार साहू को 25 माह में निवेश की गई रकम का ढाई गुना लौटाने का झांसा दिया था। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में पीड़ित से करीब 1 करोड़ 88 लाख रुपए जमा कराए गए। हालांकि, पीड़ित को न तो कोई मुनाफा मिला और न ही उसकी मूल रकम लौटाई गई। फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया इस मामले में पहले ही भूपेंद्र साहू, हिरेंद्र साहू और सुरेंद्र साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। उत्तरा कुमार साहू तब से फरार चल रहा था, जिसे अब घेराबंदी कर पकड़ा गया है। पूछताछ में आरोपी ने ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


