जाकिर खान ने लंबा ब्रेक लेने का किया ऐलान:वायरल वीडियो में शो के मंच से बोले- हेल्थ के चलते 3–5 साल का ब्रेक है

स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान ने कॉमेडी से लंबा ब्रेक लेने का ऐलान किया है। वह इन दिनों अपने स्टैंड-अप शो ‘स्पेशल पापा यार’ के साथ देश के अलग-अलग शहरों में शो कर रहे हैं। इसी टूर का उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें जाकिर मंच से दर्शकों से बात करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय के लिए ब्रेक पर जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह ब्रेक 2028-29 या फिर 2030 तक भी हो सकता है। यह तीन से पांच साल का ब्रेक होगा। उन्होंने बताया कि यह फैसला उन्होंने अपनी हेल्थ और कुछ निजी चीजों को ठीक करने के लिए लिया है। स्टेज से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस समय वहां मौजूद हर शख्स उनके दिल के बहुत करीब है। उन्होंने दर्शकों का शुक्रिया अदा किया और कहा कि उन्हें जितना प्यार मिला है, वह उसके लिए हमेशा आभारी रहेंगे। वायरल वीडियो के बीच जाकिर ने सोशल मीडिया पर भी इसका इशारा किया। मंगलवार दोपहर उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर की। यह पोस्ट दुबई पहुंचने के बाद का बताया जा रहा है। इसमें उन्होंने लिखा कि 20 जून तक हर शो एक सेलिब्रेशन की तरह होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार वह कई शहरों में नहीं आ पाएंगे। इसलिए दर्शक थोड़ा ज्यादा प्रयास करके शो में जरूर आएं। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने अपनी हेल्थ को लेकर बात की हो। पिछले साल सितंबर भी उन्होंने इंस्टाग्राम पर बताया था कि वह एक साल से ज्यादा समय से ठीक महसूस नहीं कर रहे थे। इसके बावजूद उन्होंने काम जारी रखा। उन्होंने कहा था कि उस समय काम करना उन्हें जरूरी लग रहा था। उन्होंने बताया था कि पिछले करीब दस साल से वह लगातार टूर कर रहे हैं। इस दौरान वह दिन में दो से तीन शो करते रहे। कई बार उन्हें बिना नींद के काम करना पड़ा। सुबह-सुबह फ्लाइट पकड़नी पड़ी। खाने का कोई तय समय नहीं रहा। इस तरह की लाइफस्टाइल का असर उनकी सेहत पर पड़ा। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा था कि उन्हें दर्शकों का बहुत प्यार मिला है, लेकिन इतना ज्यादा टूर करना हेल्थ के लिए ठीक नहीं है। हर किसी को खुश करने की कोशिश, लगातार शो, नींद की कमी और अनियमित खान-पान ने उन्हें कमजोर कर दिया। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें स्टेज पर होना बहुत पसंद है, लेकिन अब ब्रेक लेना जरूरी हो गया है। उन्होंने बताया कि वह एक साल से इस बात को नजरअंदाज कर रहे थे। अब उन्हें लगा कि देर होने से पहले रुक जाना बेहतर है। इसी वजह से इस बार भारत का टूर कुछ ही शहरों तक सीमित रखा गया है। ज्यादा शो नहीं जोड़े जाएंगे। इस स्पेशल की रिकॉर्डिंग के बाद उन्हें लंबे ब्रेक की सलाह दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *