जागरूकता रैली से गूंजा संदेश नशा मुक्ति का संदेश

भास्कर न्यूज| धौलपुर गांव बहरावती में रविवार को नशा मुक्त एवं शिक्षित गांव अभियान के तहत एक प्रेरक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली युवा संगठन बहरावती के तत्वावधान में नशा मुक्त हो अपना गांव, शिक्षित हो अपना गांव संकल्प के साथ निकाली गई, जिसमें गांव के विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों और संगठन के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली में प्रमुख रूप से रामवीर सिंह, विश्वंभर दयाल, रफीक खान, श्यामवीर, जीतेन्द्र कुमार , धर्मेंद्र कुमार, शाकिर खान, रामलखन सहित अनेक गणमान्य ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा को अपनाने का संदेश दिया। रैली का उद्देश्य गांव के युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखकर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और गांव में सकारात्मक व स्वस्थ शैक्षिक वातावरण का निर्माण करना रहा। इस दौरान नशा मुक्ति और शिक्षा के महत्व को दर्शाने वाले नारों ने पूरे गांव में जागरूकता का माहौल बनाया। कार्यक्रम के समापन पर छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए एक-एक पेन पुरस्कार स्वरूप भेंट किया गया। उल्लेखनीय है कि इस आयोजन का संपूर्ण खर्च युवा संगठन बहरावती के सदस्यों ने सामूहिक रूप से वहन किया। ग्रामीणों ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देने के साथ-साथ गांव को नशा मुक्त और शिक्षित बनाने की दिशा में मजबूत कदम साबित होते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *